मध्य प्रदेश

मानव दुर्व्यापार के अपराधों की रोकथाम हेतु पुलिस द्वारा विशेष अभियान ’’चेतना’’ का शुभारंभ

रायसेन । पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा शाखा द्वारा मानव दुर्व्यापार एवं महिला/बालिकाओं के विरूद्ध घटित अपराधों की रोकथाम एवं जन जागरूकता हेतु शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस 26 सितम्बर से 4 अक्टूबर तक नव दिवसीय जन जागरूकता अभियान ’’चेतना’’ प्रारंभ किया गया है।
उक्त अभियान के तहत गुरुवार को शैक्षणिक संस्थान उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायसेन में 4 बजे से 5 बजे तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसेन अमृत मीणा, महिला थाना रायसेन से उपनिरीक्षक रंजना शर्मा एवं उपनिरिक्षक संगीता काजले, थाना कोतवाली से उपनिरिक्षक शैलेन्द्र दायमा, महिला सेल रायसेन से आरक्षक प्रीतम सिंह, आरक्षक हेमंत धाकड़ सहित उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायसेन के प्राचार्य स्वाती चौहान, स्कूल के समस्त शिक्षक/शिक्षिकायें एवं 250-300 छात्र, छात्रायें उपस्थित थे।
उक्त कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसेन द्वारा अपने उदबोधन में मानव दुर्व्यापार के संबंध में विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में जैसे जैसे अपराधिक प्रवृत्ति के लोग बढ रहे हैं वैसे अपराध भी बढते जा रहे हैं। पहले अपराध लूट, चोरी, डकैती, हत्या संबंधी हुआ करते थे, परन्तु आज अपराधी धन कमाने के लालच में मानवों का भी दुर्व्यापार करने लगे है। आज बच्चों से भीख मंगवा कर, अश्लील सामग्री तैयार कर ब्लेकमेल कर, महिलाओं/बच्चों की खरीद फरोख्त कर, वैश्यावृत्ति कराकर, महिलाओं/बच्चों/पुरूषों को गुमराह कर उनसे बंधुआ मजदूरी कराना, महिलाओं/बालिकाओं की खरीद फरोख्त कर उनसे जबरन शादी करना, नौकरी/अच्छे रोजगार का लालच देकर अपने चुंगल में फंसाना आदि अपराधों में काफी वृद्धि हुई है। अतः हमेशा सजग रहकर अपने आसपास के समाज में ऐसे लोगों की पहचान कर उनकी सूचना पुलिस को देवें। पश्चात उपस्थित सभी छात्र छात्राओं को मानव दुर्व्यापार जैसे संगठित अपराध न स्वयं करने, न होने देने एवं जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के संबंध में शपथ दिलायी गयी।
इसी प्रकार जिले में सभी थाना क्षेत्रों के स्कूलों में भी आज जागरूकता अभियान चलाया गया है। रात्रि के दौरान विभिन्न झांकियों तथा गरबा महोत्सव के दौरान भी जागरूकता संबंधी अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। पुलिस विभाग द्वारा ऐसे अपराधों की रोकथाम हेतु अलग अलग टोल फ्री नंबर जारी किये हैं जिसमें महिला हेल्पलाईन नं.-1090, पुलिस हेल्पलाईन नं.- 100/112, सायबर हेल्पलाईन नं.- 1930, चाईल्ड हेल्पलाईन नं.-1098, राष्ट्रीय महिला आयोग मो.- 7827170170, एंटी ट्रैफिकिंग हेल्पलाईन नं.-10582, बच्चों की ऑनलाईन परेशानी हेतु मो. 6363176363 तथा पुलिस मोबाईल एप जारी किया गया है। आम जनता इन नंबरों का प्रयोग कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती है।

Related Articles

Back to top button