मुख्यमंत्री कन्या विवाह- निकाह योजना में 485 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
घनश्यामपुरा में सम्पन्न हुआ सामूहिक कार्यक्रम
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
बटियागढ़ l प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह – निकाह योजना अंतर्गत कैथौरा सरपंच और घनश्यामपुरा सरपंच और जिला प्रशासन के सहयोग से एमएच समाज सेवी संस्था के तत्वाधान में जिले के बटियागढ़ विकासखंड के घनश्यामपुरा कृषि मंडी परिसर में सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामूहिक विवाह कार्यक्रम रीति अनुसार हवन, पूजा एवं बारात निकालकर गाजे-बाजे के साथ बडे़ ही उल्लास के साथ हुआ तथा सम्पूर्ण वैवाहिक कार्यक्रम संस्कृति के अनुरुप संपन्न हुए। जिसमे विभिन्न समाज के 485 जोड़ों ने शादी कर अपने दाम्पत्य जीवन में प्रवेश किया। जिसमें 22 निकाह और 463 विवाह संपन्न हुए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक रामबाई सिंह, भाजपा के पूर्व क़ृषि मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया, पूर्व विधायक लखन पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजू धर्मेंद्र कटारे कार्यक्रम में सम्मिलित हुए जिन्होंने सर्वप्रथम बारी-बारी से सभी विवाहित जोड़े के पास जाकर आर्शीवाद एवं उपहार भेंट की तथा उनके मंगलमय जीवन की शुभाकामनाएं दी। वहीं 5 विवाहित जोड़ों को 49000/ रुपये का चैक वितरित किया। बाकी चैक 11 जुलाई को सभी नवविवाहित जोड़ों को वितरित किए जाएंगे।
विवाह स्थल पर वैवाहिक जोड़ों के लिए सेल्फि जोन भी बनाया गया था। इस अवसर पर कलेक्टर दमोह मयंक अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक दमोह राकेश कुमार सिंह, अनुविभागीय अधिकारी पथरिया भब्या त्रिपाठी, तहसीलदार बटियागढ़ विजय कुमार साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद बटियागढ़ रानू जैन, मंडल अध्यक्ष कपिल शुक्ला, मंडल अध्यक्ष राजवीर चौहान, रामावतार कुड़ेरिया, हटा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा, पथरिया थाना प्रभारी, बटियागढ़ थाना प्रभारी सोनाली जैन, बकायन सरपंच बीरेंद्र पटेल, घनश्यामपुरा सरपंच नरेन्द्र कटारे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि धर्मेंद्र कटारे, गोलू पाठक, एमएच समाज सेवी संस्था के संचालक जितेंद्र ठाकुर, एमएच क्लब के अध्यक्ष आनंद त्रिवेदी, अन्नू खान, हेमंत चौरसिया, इस्माइल खान, संतोष साहू सहित नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
इस अवसर पर भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष पं. नरेन्द्र व्यास, विधायक रामबाई सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजू कटारे, पूर्व विधायक लखन पटेल, पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया ने घनश्यामपुरा सरपंच और कैथौरा सरपंच सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभाकामनाएं दी तथा कार्यक्रम में आए हुए दोनो पक्षों के परिवारों को भी शुभकामनाएं दी। उन्होने कहा कि इस योजना के तहत पहले 25 हजार रुपये की सहयोग राशि का प्रावधान था जिसे बढ़ाकर अभी 50 हजार कर दिया गया है।
उन्होने नव विवाहित जोड़ों को संबोधित करते हुए कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि आप सभी वैवाहिक बंधन में बंध रहे हैं। इस योजना का उद्देश्य कन्या के विवाह में होने वाली आर्थिक कठिनाईयों का निवारण, विवाह के अवसर पर होने वाले फिजुलखर्चे को रोकना एवं सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देना है। जिससे उनकी सामाजिक स्थिति में सुधार हो तथा विवाह में दहेज की लेनदेन की रोकथाम हो सके।
क्षेत्रीय विधायक रामबाई सिंह ने कहा कि इस योजना से परिवारों के बच्चों की शादी सम्पन्न कराने में मदद मिलती है। प्रदेश के ऐसे परिवार जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है, ऐसे माता पिता के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना कारगर सिद्ध हो रही है। सामूहिक विवाह समारोह में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं मुख्य अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके मंगलमय जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।



