युवक ने चलती ट्रेन में लगाई फांसी, युवक की पहचान नही
मंडीदीप। रायसेन जिले के मंडीदीप रेलवे स्टेशन से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां चलती ट्रेन में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। निजामुद्दीन मदुरई एक्सप्रेस ट्रेन में एक युवक पंखे पर फांसी के फंदे से लटका मिला। मंडीदीप की जीआरपी पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये है मामला
मंडीदीप की जीआरपी पुलिस को सूचना मिली थी, कि भोपाल से नागपुर जा रही निजामुद्दीन मदुरई एक्सप्रेस ट्रेन में एक युवक पंखे में फांसी के फंदे पर झूल रहा है। जब ट्रेन मंडीदीप स्टेशन पर पहुंची, तो जीआरपी की टीम ने रेलवे के कर्मचारियों के साथ मिलकर शव को नीचे उतारा। युवक का शव ट्रेन की बोगी में पंखे पर फंदे से लटका हुआ था। प्रारंभिक जांच में जीआरपी पुलिस को पता चला है कि जब ट्रेन भोपाल से रवाना हुई थी, उस दौरान ट्रेन की बोगी खाली थी। तभी युवक ने फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी की होगी।



