धूल के उड़ते गुब्बारे से दुकानदार परेशान, बीमारी के हो रहे शिकार
रिपोर्टर : कमलेश अवधिया
साईंखेड़ा । साईंखेड़ा में इस समय स्टेट हाईवे 44 पर भारतीय स्टेट बैंक से लेकर दादाजी धूनी वालों के पुराने मंदिर तक रोड के दोनों किनारे पर इतनी अधिक मात्रा में धूल है कि जैसे ही कोई वाहन गुजरता है उसके पीछे धूल ही धूल उड़ने लगती है, इससे लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। लोगों की दुकानों पर धूल जमा हो जाती है एवं लोग बाजार में निकलते वक्त नाक पर रूमाल लेकर चलते हैं। इस धूल से लोगों को एलर्जी एवं अन्य बीमारियां भी हो रही हैं । ज्ञात हो कि स्टेट हाईवे होने के कारण इस रोड पर बेलगाम ट्रक डंपर बस रात दिन दौड़ रहे हैं इतना ही नहीं एनटीपीसी के बड़े-बड़े 30, 40 चके के ट्रक जिसमें एनटीपीसी की राखड भरी जा रही है जो रोड पर गिरती है एवं इन ट्रकों से भयंकर धूल उड़ती है, धूल की सफाई नहीं होने से लोगों के मकानों में भी भारी धूल भर जाती है । इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए नागरिको ने नगर परिषद से भी अनुरोध किया है कि रोड पर सुबह-सुबह पानी खींच दिया जाए जिससे धूल दब जाए और लोगों को कुछ राहत मिल सके।



