विद्यार्थियों को जैविक खेती एवं पशुधन प्रबंधन का दिया तकनीकी प्रशिक्षण

जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने जैविक खेती की अवधारणा, सिद्धांत और उसके लाभों की दी जानकारी
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी बनाने एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ में जैविक खेती एवं पशुधन प्रबंधन विषय पर तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया । प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने विद्यार्थियों को जैविक खेती की अवधारणा, सिद्धांत एवं व्यावहारिक महत्व की विस्तार से जानकारी दी ।
प्रशिक्षण के दौरान रामसुख दुबे ने बताया कि जैविक खेती ऐसी कृषि पद्धति है, जिसमें रासायनिक उर्वरकों, कीटनाशकों एवं आनुवंशिक रूप से संशोधित बीजों के उपयोग से बचते हुए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों जैसे गोबर, गोमूत्र एवं कृषि अपशिष्ट से जैविक खाद और प्राकृतिक कीटनाशक तैयार किए जाते हैं । इसका उद्देश्य प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर टिकाऊ कृषि प्रणाली विकसित करना है । उन्होंने पारिस्थितिक संतुलन, मिट्टी का स्वास्थ्य, जैव विविधता, चक्रीय प्रणाली, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
विद्यार्थियों को जैविक खेती के प्रमुख सिद्धांतों के अंतर्गत स्वास्थ्य का सिद्धांत, पर्यावरणीय सिद्धांत, समता का सिद्धांत तथा परिचर्या के सिद्धांत का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया । साथ ही बताया गया कि जैविक खेती केवल फसल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और कृषि को आत्मनिर्भर बनाना भी शामिल है।
पशुधन प्रबंधन की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जैविक खेती में पशुओं को केवल दूध उत्पादन का साधन नहीं, बल्कि संपूर्ण कृषि प्रणाली का अभिन्न अंग माना जाता है । पशु और फसलें एक-दूसरे के पूरक होते हैं, जिससे खेत एक आत्मनिर्भर एवं टिकाऊ पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में विकसित होता है । पशुओं का प्राकृतिक जीवन, प्राकृतिक आहार तथा उन्हें स्वस्थ एवं रोगमुक्त रखने के महत्व को भी समझाया गया ।
उन्होंने जैविक खेती में पशुधन की उपयोगिता बताते हुए कहा कि गोबर से जैविक खाद एवं गोमूत्र से प्राकृतिक कीटनाशक तैयार किए जा सकते हैं । इसके अलावा पशुओं का उपयोग खेत की जुताई, परिवहन एवं अन्य कृषि कार्यों में भी किया जा सकता है। पशुधन प्रबंधन से कृषि लागत में कमी, किसानों की आय में वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलती है ।
प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को जैविक खेती एवं पशुधन प्रबंधन को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया ।



