विधायक के पहुंचने से पहले ही एबीवीपी ने किया प्रतिमा का अनावरण
औबेदुल्लागंज । शनिवार को स्थानीय शासकीय महाविद्यालय में वीर सावरकर की मूर्ति को लेकर फिर एक बार विधायक सुरेंद्र पटवा का विरोध देखने को मिला है। इस बार विरोध भाजपा की ही इकाई कही जाने वाली अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने किया।
शासकीय महाविद्यालय में जन भागीदारी से स्वतंत्रता सैनानी वीर सावरकर की प्रतिमा स्थापित की गई। जिसका अनावरण विधायक सुरेन्द्र पटवा को करना था। कार्यक्रम शुरू होने के एक घंटे पहले ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र छात्राओं ने मूर्ति के मंच के नीचे द्वार पर फीता लगाया और छात्राओं ने कैंची से फीता काटा। इस बात की खबर जब विधायक सुरेन्द्र पटवा को लगी तो वे नाराज हो गए और कालेज ना जाकर, रेस्ट हाउस चले गए। फिर एक घंटे बाद कॉलेज पहुंचे और मूर्ति को माला पहनाई व फोटो खिंचाई। बताया जाता है कि मूर्ति के पास अनावरण के लगने वाले पत्थर को भी तथाकथित छात्रों ने तोड़ दिया। यह पहली बार नहीं है जब विधायक सुरेन्द्र पटवा का विरोध हुआ है। इस बार भाजपा की ही ईकाई कही जाने वाली अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विरोध किया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।



