मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मरखेड़ा टप्पा में शिविर संपन्न

ग्रामीणों को स्वामित्व सहित अन्य योजनाओं के हितलाभ किए वितरित
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को बेगमगंज विकासखण्ड की ग्राम पंचायत मरखेड़ा टप्पा में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में पूर्व केबीनेट मंत्री रामपाल सिंह, एसपी आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, एसडीएम प्रियंका भलावी , एसडीओपी सोनाली गुप्ता, नपा एलएस डोडिया , जनपद सीईओ मोघराज मीणा सहित सभी विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि यह अभियान आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। यहां अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। ग्रामीणजन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार लाभ लेने के लिए आवेदन करें। किसानों द्वारा बिजली की समस्या से अवगत कराने पर कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारी को निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों तक तय सीमा में बिजली मिलनी चाहिए। इसी प्रकार कृषि विभाग के एसडीओ को निर्देशित किया कि किसानों को व्हाट्सएप के माध्यम से ई-टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित प्रकरणों का एक दिवस के भीतर निराकरण करने के भी निर्देश दिए।
शिविर में अनुपस्थित रहने, विलम्ब से पहुंचने पर एससीएन के निर्देश –
कलेक्टर सिसोनिया ने ग्राम पंचायत मरखेड़ा टप्पा में आयोजित जिला स्तरीय मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में अनुपस्थित रहने/विलम्ब से पहुंचने पर कार्यपालन यंत्री पीएचई, एलडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी तथा विद्युत विभाग के एसई को एससीएन जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर में सभी जिला अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की पहल –
ग्राम पंचायत मरखेड़ा टप्पा में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के दौरान कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया तथा जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर अपना ब्लड प्रेशर चेक कराकर स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
स्वामित्व योजना अंतर्गत ग्रामीणों को वितरित की रजिस्ट्रीं –
मरखेड़ा टप्पा ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया द्वारा ग्रामीणों को स्वामित्व योजना अंतर्गत रजिस्ट्री/दस्तावेज प्रदान किए गए। इसके साथ ही किसानों को कृषि यंत्र और उन्नत किस्म के बीज वितरित किए गए। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अनेक विभागों के जिला और विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button