संदिग्ध हालत में मिला तेंदुए का शवः शरीर पर घाव के निशान, एक माह के अंदर दूसरी घटना
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
रायसेन । रायसेन में एक बार फिर 22 दिन बाद एक तेंदुआ का शव संदिग्ध हालत में मिला है।
वन विभाग के पूर्व क्षेत्र की मखनी बीट में रविवार सुबह 11 बजे एक मादा तेंदुआ का शव वन विभाग के कर्मचारी को मिला है। शव 1 से 2 दिन पुराना बताया जा रहा है, उसके शरीर में कीड़े लग चुके हैं वहीं घाव के निशान भी हैं। बताया जा रहा है कि तेंदुए की उम्र लगभग डेढ़ साल है।
ज्ञातव्य है कि आज से 22 दिन पहले भी शहर के वार्ड एक नरापुरा स्थित किला मार्ग के गेट 3 पर एक मादा तेंदुआ का शव मिला था। जिसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में घाव के निशान पाए गए थे। वन विभाग द्वारा तेंदुए की मौत को फाइट होना बताया था।
शरीर पर घाव के निशान वन विभाग ने बताई सामान्य मौत
सूचना मिलने पर पूर्व वन क्षेत्र के रेंजर प्रवेश पाटीदार मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की घटनास्थल के 300 मीटर के दायरे को सील किया गया।
डॉग स्क्वायड और डॉक्टरों की टीम को मौके पर बुलाया गया है। रेंजर प्रवेश पाटीदार का कहना है कि वैसे तो यह सामान्य मौत है, पर तेंदुआ के शरीर पर घाव भी पाया गया है, इस हिसाब से हो सकता है, जो कुछ दिन पहले किले की पहाड़ी पर तेंदुआ का शव मिला था उस से ही इस मादा तेंदुआ की फाइट हुई होगी।
डॉक्टरों की टीम को बुलाया है, अभी यह जांच का विषय है कि मौत कैसे हुई है पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही क्लियर होगा। शिकार तो हुआ नहीं है क्योंकि तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित है अगर शिकारियों द्वारा शिकार किया गया होता तो तेंदुए के शरीर के कुछ अंग गायब होते पर ऐसा नहीं है।



