लालपुर में अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, पुलिस ने की कार्रवाई

सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो के आधार पर पुलिस ने की जांच, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर ट्रैक्टर सहित रेत से भरी ट्रॉली की जब्ती
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है । इसी क्रम में ढीमरखेड़ा पुलिस ने ग्राम लालपुर में अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है । रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है ।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
*सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो से खुला मामला*
जानकारी के अनुसार ग्राम लालपुर के ग्रामीणों ने रेत से भरे ट्रैक्टर क्रमांक MP 20 ZS 8322 के अवैध परिवहन से संबंधित फोटो एवं वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए थे । पुलिस ने वायरल फोटो-वीडियो को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच की । इस दौरान ट्रैक्टर मालिक मनीष कुमार पिता मैकू सिंह (34 वर्ष), निवासी ग्राम हल्का बोदा, सिलौड़ी से पूछताछ की गई ।
पूछताछ में ट्रैक्टर मालिक ने बताया कि वह स्टॉक से सिलौड़ी निवासी प्रशांत राय के निर्माणाधीन मकान के लिए रेत लेकर ग्राम लालपुर से निकल रहा था । पुलिस द्वारा रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका । इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर क्रमांक MP 20 ZS 8322 एवं रेत से भरी ट्रॉली को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की ।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी, उपनिरीक्षक अनिल पांडे, सहायक उपनिरीक्षक ध्रुव सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, प्रधान आरक्षक उदयपाल सिंह, आरक्षक रंजीत सिंह, आरक्षक डुमनदास एवं आरक्षक गंधर्व सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।



