मध्य प्रदेश

समाधान आपके द्वार लोक अदालत शिविर में 26093 प्रकरणों का हुआ निराकरण

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेणुका कंचन के निर्देशन एवं जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बुज पाण्डेय के मार्गर्दशन में गत दिवस समाधान आपके द्वार योजना के अंतर्गत संपूर्ण दमोह जिले में लोक अदालत शिविर का आयोजन किया गया।
जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंबुज पाण्डेय ने बताया कि समाधान आपके द्वार योजना अंतर्गत आमजन के प्रकरणों को मध्यस्थता एवं सुलह के माध्यम से उन्हें प्रारंभिक स्तर पर निराकृत किये जाने की परिकल्पना को साकार करने का प्रयास है, जिससे पक्षकारों के मध्य सौहार्द बना रहे और लंबी एवं अंतहीन प्रक्रिया से निजात मिल सके। यह योजना पूर्व में म.प्र. उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के 9 जिलों में सफल होने के उपरांत संपूर्ण मध्यप्रदेश में भी लागू की गई। उन्होंने बताया आयोजित लोक अदालत शिविर में सिविल न्यायालय में लंबित 11 आपराधिक प्रकरण, राजस्व न्यायालय में लंबित 2595 प्रकरणों सहित कुल 23819 राजस्व प्रकरण तथा वन विभाग के 33, पुलिस विभाग के 89, विद्युत विभाग के 760, नगरीय निकाय विभागों के 1381 प्रकरण इस प्रकार कुल 26093 प्रकरणों का निराकरण किया गया।
जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया ने बताया कि समाधान आपके द्वार योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों के संबंध में कलेक्टर मयंक अग्रवाल द्वारा बैठक आयोजित कर समस्त विभागों को उनके विभागों में लंबित प्रकरणों के निराकरण के संबंध में सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिये गये थे। जिस हेतु संपूर्ण जिले में 20 क्लस्टर बनाये जाकर टीमों का गठन किया गया तथा आमजन को उक्त शिविर का लाभ दिलाये जाने हेतु योजना का प्रचार-प्रसार पी.एल.व्ही. के माध्यम से कराया गया।

Related Articles

Back to top button