सीएम राइस स्कूल परिसर में टीचर्स क्वार्टर समय से पहले तोड़े गए
रहवासी समय बढ़ाने की करते रहे मांग
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सीएम राइज स्कूल भवन का निर्माण उत्कृष्ट स्कूल परिसर में किया जाना है जिसके लिए विगत दिनों सीमांकन उपरांत 7 दर्जन अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। जिसको लेकर उठापटक तेज चल रही है लेकिन उससे पूर्व प्रशासन ने शिक्षकों के लिए पूर्व से बने भवन तोड़ने की प्रक्रिया एसडीएम अभिषेक चौरसिया, तहसीलदार एनएस परमार, थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन की मौजूदगी में नोटिस अवधि पूरी होने से 2 दिन पहले ही शुरू करदी, पहले चरण में शासकीय शिक्षकों के लिए बनाए गए 11 क्वार्टर पुस्तकालय, एवं खंडहर हो चुके पूर्व छात्रावास भवन जिसे लोक निर्माण विभाग द्वारा भौतिक सत्यापन में अनुपयोगी घोषित कर दिया गया था उसे जेसीबी से धराशाई करने का काम प्रारंभ किया गया। क्वाटर में रहने वाले लोगों के लिए 10 दिन का समय 9 फरवरी को दिया गया था लेकिन 2 दिन पहले ही आवास तोड़ दिए गए। वहां रह रहे लोगों का कहना था कि यदि समय दे दिया जाता तो हम व्यवस्थित तरीके से दूसरी जगह स्थापित हो पाते लेकिन ऐसा नहीं हुआ क्षेत्रीय विधायक ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत से भी समय बढ़ाने की मांग की गई थी।
प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने से पहले स्वयं के अनुपयोगी भवन तोड़ने का काम जैसे ही शुरू किया तो 7 दर्जन अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और उनके दिल की धड़कनें बढ़ गई हैं कि उनके ऊपर कभी भी कार्रवाई हो सकती है। और वे अपने राजनीतिक आकाओं के आगे पीछे चक्कर लगा रहे हैं कि उन्हें कहीं से राहत मिल जाए साथ ही कुछ लोग जिनके पास दस्तावेज मौजूद हैं वह अपने दस्तावेज प्रशासन को प्रस्तुत करने की तैयारी कर रहे हैं।
शुक्रवार को जिन 11 क्षतिग्रस्त क्वार्टर को जेसीबी से जमींदोज किया गया है उनकी वेल्यू आठ लाख
रुपए आंकी गई है। जिसका भुगतान ठेकेदार को वहन करना होगा, ठेकेदार द्वारा उक्त राशि लोक निर्माण विभाग अथवा स्कूल प्रबंधन को जमा करेगा, राशि किस को हस्तांतरित करना है इसका निर्णय वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।
जन चर्चा है कि प्रशासन वाटर में रह रहे निवासियों को समय बढ़ाने के पक्ष में नहीं था इसलिए समय से पूर्व ही उन्होंने कोई मौका दिए बिना सरकारी क्वार्टर को ढहा दिया। क्योंकि अधिकतर लोग क्वार्टर्स खाली कर चुके थे शेष कुछ ने टूटते टूटते अपना सामान निकाला।
इस संबंध में एसडीएम अभिषेक चौरसिया का कहना है कि स्टेप बाइ स्टेप पुराने अनुपयोगी भवन पहले धराशाई किए जा रहे हैं ताकि भवन निर्माण के लिए प्लाट एकसा किया जा सके। जिन अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिए गए हैं शीघ्र उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।




