11 वें दिन ज्ञापन सौंपकर उमरियापान का धरना समाप्त, 14 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई का इंतजार

नायब तहसीलदार ने धरना स्थल पहुंचकर लिया ज्ञापन, मांगे पूरी नहीं होने पर जनहित याचिका की चेतावनी
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। उमरियापान के सर्वांगीण विकास एवं क्षेत्रीय जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर समाजसेवी चन्द्रकांत (चंदू भाई) चौरसिया द्वारा न्यू बस स्टैंड पर शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 11वें दिन समाप्त हो गया । धरना स्थल पर नायब तहसीलदार पहुंचे और आंदोलनकारी से 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्राप्त किया । ज्ञापन सौंपने के बाद समाजसेवी चन्द्रकांत चौरसिया ने अनशन समाप्त करने की घोषणा की ।
मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में उमरियापान में आईटीआई की स्थापना कर सत्र 2027-28 से प्रवेश एवं कक्षाएं प्रारंभ करने, सीएचसी के विस्तार अथवा अस्पताल की सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्वीकृत डॉक्टरों के पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग की गई है। इसके अलावा प्रस्तावित कृषि उपमंडी को स्वीकृति देने, न्यू बस स्टैंड एवं स्वीकृत बस स्टैंड का निर्माण कराने, ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में चिन्हित भूमि पर उद्योग स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उमरियापान में एसडीएम कोर्ट की स्थापना की मांग प्रमुखता से रखी गई।
ज्ञापन में नवीन सीएम राइज स्कूल का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने, खेल मैदान के लिए आवंटित भूमि पर राशि स्वीकृत कर निर्माण कराने, उमरियापान-सिहोरा सड़क निर्माण, डंगडा चौक से बस्ती के मुख्य मार्ग का निर्माण तथा सिहोरा-ढीमरखेड़ा मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जाम की समस्या का समाधान कराने की मांग भी शामिल है ।
इसके साथ ही प्राकृतिक आपदा से प्रभावित पान फसल के किसानों को नियमानुसार सहायता राशि दिलाने, पान बरेजा की भूमि के मापदंड में आवश्यक संशोधन कराने तथा उमरियापान से कुदवारी-गुरहा मार्ग का निर्माण कराने की मांग की गई है ।
धरना स्थल पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने स्थानीय समस्याओं, विशेषकर साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर पंचायत सरपंच को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया। वहीं अन्य मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने की बात कही ।
समाजसेवी चन्द्रकांत (चंदू भाई) चौरसिया ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन समस्याओं के निराकरण की मांग कर रही है । उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन स्तर से जल्द मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित में न्यायालय की शरण लेते हुए जनहित याचिका दायर की जाएगी ।
धरना समाप्ति के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल सहित पुलिस बल भी तैनात रहा ।



