11 अक्टूबर को उज्जैन आएंगे पीएम नरेंद्र मोदी, महाकाल महाराज वन प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने किया निरीक्षण, और कहा महाकाल महाराज वन प्रोजेक्ट के काम से संतुष्ट हूं
रिपोर्टर : राधेश्याम साहू
उज्जैन । सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान उज्जैन पहुंचे और लालपुल रोड़ स्थित सत्यमित्रानंद आश्रम में स्वामी सत्यमित्रानंद की मूर्ति का लोकार्पण किया। इसके बाद वे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत उज्जैन के महाकाल मंदिर विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे महाकाल महाराज वन प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां उन्होंने सभी कामों को बारीकी से देखा और अधिकारियों से काम की पूर्णता का फीडबैक लिया। इसके बाद त्रिवेणी संग्रहालय स्थित ऑडिटोरियम हॉल में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के पहले चरण के कामों का निरीक्षण किया है और अब इसका लोकार्पण किया जा सकता है। वे महाकाल वन प्रोजेक्ट के काम से संतुष्ट हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले चरण के कामों का लोकार्पण करने उज्जैन आएंगे। उन्होंने कहा कि उज्जैन के साथ ही प्रदेश के हर गांव और हर शहर इस लोकार्पण कार्यक्रम से जुड़े ऐसी योजना बनाएंगे।ऑडिटोरियम में सीएम ने पत्रकारों से रूबरू होकर उनके सवालों के जवाब दिए और कहा कि यह आयोजन हम सभी का है, और सभी के साथ मिलकर इसे सफल भी बनाएंगे। उन्होंने लोकार्पण कार्यक्रम से पहले दो बार और उज्जैन आने की भी बात कही है।



