2 साल से बजट ही नहीं आया : सोलर पंप लगवाने 205 किसानों ने जमा किए 43 लाख रुपए
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । प्रदेश की मुख्यमंत्री सोलर पंप योजना में बीते दो साल में रायसेन जिले के 205 किसानाें ने ऑनलाइन राशि जमा की। कुल 43 लाख रुपए से अधिक राशि जमा हाे गई । लेकिन अब तक एक भी किसान के खेत पर सोलर पंप नहीं लगाया गया। इस योजना के तहत दो साल से शासन ने बजट ही नहीं दिया है। साल 2017 में शुरू हुई इस योजना का लाभ साल 2021 तक 282 किसानों को ही मिला। साल 2017 से 2020 तक मप्र सरकार के ऊर्जा विकास निगम 146 किसानों के सोलर पंप लगाए गए। 2021 में 136 किसानों के सोलर पंप लगाए गए। साल 2020 में इस योजना को बंद कर दिया गया था लेकिन 2021 में इस योजना को फिर चालू कर दिया। इसके बाद 205 और किसानों ने पंप लगवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए लेकिन 2021 से अब तक बजट नहीं आने से पंप नहीं लगाए गए।
2 सालों से बजट के इंतजार में अन्नदाता……
बजट आते ही लगवाएंगे सोलर पंप
दो साल से शासन ने एक धेला भी बजट नहीं दिया है ।जिस कारण किसानों के सोलर पंप नहीं लगाए जा सके हैं। जैसे ही बजट आएगा, हम सोलर पंप लगवाना शुरू कर देंगे। रविकुमार श्रीवास प्रभारी, सौर ऊर्जा विभाग, रायसेन
किसानों को मिलते हैं तीन और पांच एचपी कनेक्शन…
इस योजना में अनुदान के तहत सोलर पंप लगवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जाते हैं। किसानों को सोलर पंप लगवाने के लिए सबसे पहले 5 हजार रुपए जमा कर ऑनलाइन आवेदन करना होते हैं। इसके बाद 31150 रुपए और जमा करने होते हैं। कुल कुल 72 हजार रुपए का खर्च आता है जिसमें से शासन द्वारा अनुदान दिया जाता है। ऊर्जा विकास निगम द्वारा किसानों को तीन एचपी कनेक्शन पर 9 पैनल लगाए जाते हैं और 5 एचपी कनेक्शन के लिए 15 पैनल लगाए जाते हैं।



