मध्य प्रदेश

22 चक्का हाइवा मकान में घुसा, हादसों का हॉटस्पॉट बना चौराहा

सुल्तानगंज बस स्टैंड पर मौत का घाट की घटना
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सुल्तानगंज बस स्टैंड पर एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राख से भरा 22 चक्का हाइवा घाट चढ़ते समय अचानक पीछे खिसका और सीधे मकान में जा घुसा। बाउंड्री टूटी, स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हुई और लाखों का नुकसान हो गया। गनीमत रही कि परिवार सुरक्षित बच गया।
लेकिन सवाल है कि आखिर सुल्तानगंज बस स्टैंड कब तक हादसों का हॉटस्पॉट बना रहेगा?
रविवार सुबह करीब 7 बजे एनटीपीसी गाडरवारा से राख लेकर राहतगढ़ जा रहा 22 चक्का हाइवा सुल्तानगंज बस स्टैंड पर घाट चढ़ते समय अचानक पीछे खिसक गया और देवी सिंह चौधरी के मकान में जा घुसा।
हाइवा की टक्कर से मकान की बाउंड्री टूट गई, बाहर खड़ी स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई और घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा। पीड़ित परिवार के मुताबिक करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हादसे के वक्त परिवार घर के अंदर सो रहा था। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
लेकिन यह हादसा सिर्फ एक मकान के नुकसान की कहानी नहीं, बल्कि सुल्तानगंज बस स्टैंड की बदहाल यातायात व्यवस्था का बड़ा उदाहरण है।
स्टेट हाईवे-15 पर स्थित इस चौराहे पर घाट, ढलान, पांच दिशाओं से आने वाले रास्ते और भारी वाहनों की आवाजाही इसे बेहद जोखिम भरा बनाती है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले दो वर्षों में यहां दर्जनों हादसे हो चुके हैं। कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, तो कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
अब सवाल एमपीआरडीसी विभाग की कार्यप्रणाली पर है। आखिर इस खतरनाक घाट और चौराहे को सुरक्षित बनाने के लिए अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए?
स्थानीय लोगों की मांग है कि घाट का सुधार किया जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और भारी वाहनों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाई जाए।
सुल्तानगंज बस स्टैंड पर हुआ यह हादसा जिम्मेदार विभागों के लिए चेतावनी है। आज एक परिवार का लाखों का नुकसान हुआ, कल किसी की जान भी जा सकती है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग हादसों के इस हॉटस्पॉट को सुरक्षित बनाने के लिए कब जागते हैं।

Related Articles

Back to top button