एक साल पहले हुआ पेंचवर्क, फिर उखड़ी सड़क; गड्ढों से हादसों का खतरा
माला-चंदौरिया से सिलथारा-हैदरगढ़ मार्ग तक सड़क बदहाल, वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी; मरम्मत की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। तहसील के ग्राम माला- चंदौरिया मार्ग से सिलथारा होते हुए हैदरगढ़ मार्ग तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जो दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पिछले वर्ष पेंचवर्क कराया गया था, लेकिन एक साल के भीतर ही सड़क फिर उखड़ने लगी और गड्ढे पहले जैसी स्थिति में पहुंच गए।
इस मार्ग से प्रतिदिन ग्रामीण, किसान, स्कूली विद्यार्थी और अन्य वाहन चालक आवागमन करते हैं। गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी होती है। रात के समय सड़क की खराब स्थिति दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। वाहन चालकों को गड्ढों से बचने के लिए अचानक वाहन मोड़ना पड़ता है, जिससे सामने से आने वाले वाहनों के साथ टक्कर की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के नाम पर पिछले वर्ष पेंचवर्क कराया गया था, लेकिन काम टिकाऊ नहीं होने से कुछ ही समय में सड़क फिर खराब हो गई। अब जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन में परेशानी हो रही है और वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कर गड्ढों की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल औपचारिक पेंचवर्क के बजाय गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए, ताकि सड़क बार-बार खराब न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।



