मध्य प्रदेश

रात में वाहन चेकिंग के नाम पर आम नागरिकों को परेशान करने का आरोप, पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। उमरियापान पुलिस द्वारा थाना के सामने शाम 7 बजे से वाहन चेकिंग अभियान चलाए जाने को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं नागरिकों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, वहीं किसान खेती-किसानी के कार्यों में व्यस्त हैं। ऐसे में रात के समय वाहन चेकिंग के नाम पर स्थानीय लोगों को रोककर चालानी कार्रवाई किए जाने से उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के अनुसार शाम 7 से 8 बजे के बीच उमरियापान के अधिकांश दुकानदार दुकानें बंद कर अपने घरों की ओर रवाना होते हैं। वहीं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने उमरियापान आते हैं । किसानों को भी रात के समय खेतों में जाना पड़ता है । ऐसे में थाना के सामने चलने वाली वाहन चेकिंग के दौरान स्थानीय लोगों को रोके जाने से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों का सवाल है कि आखिर रात के समय इस तरह चालानी कार्रवाई किस आधार पर की जा रही है । उनका कहना है कि यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में वाहन चलाता है या यातायात नियमों का उल्लंघन करता है तो पुलिस उस पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करे, लेकिन आम नागरिकों को बेवजह रोककर परेशान करना उचित नहीं है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से मांग की है कि उमरियापान में वाहन चेकिंग अभियान की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए। साथ ही स्थानीय किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से रोकने पर रोक लगाई जाए। उन्होंने वाहन चेकिंग की आड़ में कथित अवैध वसूली की शिकायतों की भी जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button