मध्य प्रदेश

लकड़ी के सहारे झूल रही 33 केवी लाइन, कभी भी हो सकता बड़ा हादसा

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिले के विद्युत वितरण केंद्र हर्रई, तेजगढ़ और नोहटा क्षेत्र से जुड़ी खमरिया के पास गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन इन दिनों गंभीर खतरे का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार लाइन कई स्थानों पर लकड़ी के सहारे टिकी हुई है और तार नीचे की ओर झूल रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खेतों और जमीन से लगी इस हाईटेंशन लाइन की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। बारिश और तेज हवा के दौरान तार और अधिक नीचे झूलने लगते हैं, जिससे किसानों और राहगीरों में डर का माहौल बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को सूचना देने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते लाइन की मरम्मत और नए पोल नहीं लगाए गए तो किसी भी दिन जनहानि या बड़ा विद्युत हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल निरीक्षण कर लाइन को दुरुस्त कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि खेतों में काम करने वाले किसानों और आसपास रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन को जल्द कदम उठाना चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button