मध्य प्रदेश

ताला नहीं टूटा लेकिन चोरी हो गई….. टोला पंचायत से चोरी हो गई 48 इंच की टीवी

संदेह के घेरे में ताले की चाबी रखने वाले
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।
ताला नहीं टूटा लेकिन चोरी हो गई…. उपरोक्त समाचार का शीर्षक पढ़कर चौकियें मत। ये पूरा कारनामा जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत टोला का है जहां पर दिनांक 14.6.2022 की दरमियानी रात शासन से प्राप्त 48 इंच की टीवी चोरी कर ली गई जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रूपये बताई जा रही है। चोरी के मामले में यह भी बताया जा रहा है कि पंचायत के ताला की चाबी जिन लोगों के पास है उनके द्वारा ही उक्त पूरा कारनामें को एक साजिश के तहत अंजाम दिया गया है और शासन को जानबूझकर क्षति कारित करवाई गई है।
उल्लेखनीय है कि इस संबंध में ग्राम पंचायत टोला के ग्रामवासियों ने थाना प्रभारी उमरियापान को इस आशय की शिकायत प्रस्तुत की है कि पंचायत की टीवी चोरी गई है। लिहाजा सचिव यह रिपोर्ट दर्ज करवाई गई कि खिड़की से किसी व्यक्ति द्वारा टीवी चोरी गई है और जिस खिड़की का जिक्र किया जा रहा है उसमें मात्र एक राड़ टूटी है। लिहाजा उपरोक्त खिड़की से चोरी होना संभव ही नहीं है। यह बात ग्रामवासियों को समझ से परे है। ग्रामवासियों ने थाना प्रभारी को सौैंपे गये पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत के ताले की चाबी मात्र तीन लोगों के ही पास है जो क्रमश है 1. सरपंच पति सुधीर पटेल , 2. सचिव सुरेश काछी, 3. पंचायत में प्राईवेट कार्य करने वाला अस्थाई कर्मचारी विक्की कोल है।
ग्रामवासियों ने बताया कि जिस तरह से उपरोक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है और मात्र एक खिड़की की एक राड टूटी है इससे यह संभव नहीं है कि चोरों के द्वारा उपरोक्त घटना कारित की गई और पंचायत से 50 हजार कीमत की 48 इंच की टीवी चोरी की गई होगी। इस मामले में पुलिस उपरोक्त तीनों व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ करें और शासन द्वारा प्रदान की गई टीवी का पता लगाये। वहीं इस मामले में पुलिस द्वारा अभी मात्र मौका मुआयना किया गया है। चूंकि वर्तमान समय में एक ओर पंचायत के चुनाव चल रहे है जिससे पुलिस-प्रशासन चुनाव में व्यस्त है। लिहाजा चुनाव होते ही पंचायत से चोरी की गई टीवी मामले में सभी संदेही व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की जायेगी। इस दौरान थाना प्रभारी को सौंपे गये पत्र के दौरान ग्राम के आंगद प्रसाद पटेल, धनीराम कोल, केदारनाथ, कृष्णकांत, संतोष पटेल, छोटे लाल पटेल, सुरेन्द्र, मोहन, मंजनू प्रसाद सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button