जानलेवा हमला किए जाने पर उचित कार्यवाही को लेकर सौंपा ज्ञापन
सिलवानी। गुरूवार को पुलिस अधीक्षक के तहसीलदार संजय नागवंशी को पुरानी रंजिश के चलते हत्या के उद्देश्य से जानलेवा, प्राणघातक हमला किए जाने पर उचित कार्यवाही की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि घटना 8 फरवरी रात्रि 9 बजे हिरदेश यादव पिता प्रकाश यादव अपने किसी कार्यवश वेयर हाउस के पास स्थित पुलिया से स्वयं के घर की ओर आ रहा था। जहां भोपाल-सिलवानी मेन रोड पर मुकेश जैन पिता उत्तमचंद जैन एवं उसके पुत्रों संयम उर्फ मोन्टू जैन, संस्कार उर्फ कालू जैन आदि के द्वारा एकराय होकर षडयंत्रपूर्वक डंडों, लोहे की राड, लात, घूसों से हिरदेश यादव पर हत्या के उद्देश्य से जानलेवा प्राणघातक कातिलाना हमला कर दिया जिससे हिरदेश गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी व्यक्ति द्वारा हिरदेश के भाई दीपेश को सूचना दी गई कि तुम्हारे भाई पर मुकेश जैन, संयम, संस्कार द्वारा हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 100 डायल द्वारा हिरदेश को गंभीर हालत में उठाकर अस्पताल ले जा रही थी। अस्पताल पहुंचने पर डाॅ. माण्डरे द्वारा कहा गया कि हिरदेश गंभीर रूप से घायल है इसको रायसेन रेफर कर रहे है, डाॅक्टर द्वारा यह भी कहा गया कि इसको कई जगह फैक्चर है और सिर पर गंभीर चोट होने व इसके दाहिने पैर में चोट आई है, वर्तमान में हिरदेश जिला चिकित्सालय रायसेन में भर्ती है और हिरदेश के सिर में लगभग 18 टांके आए है जो कि वर्तमान में जिंदगी और मौत के बीच अपनी जंग लड़ रहा है। पुरानी रंजिश के चलते हिरदेश पर यह हमला किया गया है, सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि उक्त मामले में आरोपियों का बचाव किया जा रहा है और घटना को छोटी प्रदर्शित कर छोटी धाराओं को लगाया गया है जबकि कैस गंभीर प्रकृति और जानलेवा प्राणघातक कातिलाना हमने से जुड़ा है। पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी संस्कार उर्फ कालू जैन को गिरफ्तार नहीं किया गया है तथा जो दो आरोपियों मुकेश जैन व संयम जैन उर्फ मोंटू जैन को गिरफ्तार किया गया था उन्हें भी रात्रि में छोड़ दिया गया है। उक्त मामले में आवेदक 307 की कार्यवाही चाहते है। ज्ञापन सौंपकर मुकेश जैन पिता उत्तमचंद जैन व उसके पुत्रों संयम उर्फ मोंटू जैन, संस्कार उर्फ कालू जैन निवासी सिलवानी के विरूद्ध हत्या के उद्देश्य से जानलेवा प्राणघातक कातिलाना हमला किए जाने के संबंध में 307 की वैधानिक कार्यवाही करने की मांग की। इस दौरान दीपेश, सोनू, कौशल, रामबाबू, तुलसी यादव, गोलू आदि मौजूद रहे।



