वोट किसे, जो जिला सिहोरा की बात करे उसे “अभियान सोमवार से
लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति का ऐलान
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । एक तरफ प्रत्याशियों के नामों की पार्टियों द्वारा घोषणा हुई वही दूसरी तरफ सिहोरा को जिला बनाने की मांग पर आंदोलित लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति ने “वोट किसे, जो जिला सिहोरा की बात करे उसे” अभियान चलाने का ऐलान किया है।इस अभियान की घोषणा से सिहोरा नगरपालिका चुनाव में प्रत्याशियों के सामने जिला सिहोरा के विषय मे अपना पक्ष जनता के सामने रखना ही होगा। तत्संबंध में लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति के सदस्यों अनिल जैन, विकास दुबे, सुशील जैन, मानस तिवारी, अमित बक्शी, सियोल जैन, नागेंद्र कुररिया, रामजी शुक्ला, कृष्ण कुमार कुररिया ने संयुक्त रूप से बताया कि इस अभियान के तहत सिहोरा नगरीय क्षेत्र के प्रत्येक मकान में मकान मालिक की सहमति लेकर बाहरी दीवार पर एक स्टीकर चिपकाया जाएगा जिसमें लिखा होगा कि वोट किसे,जो जिला सिहोरा की बात करे उसे।समिति यह अभियान सोमवार 20 जून से प्रारंभ करेगी।
विदित हो कि सिहोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर पिछले आठ माहों से आंदोलन किया जा रहा है।विगत 17 मई को हजारों की संख्या में सिहोरावासियों ने रैली में शामिल हो अपना आक्रोश व्यक्त किया था।इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सिहोरा जिला के संबंध में दिए वक्तव्य से सिहोरावासी खासे आक्रोशित है। ऐसा देखा जा रहा है कि यह आक्रोश इस बार के नगरपालिका चुनाव में सत्तारूढ़ सरकार को भारी पड़ेगा।मुख्यमंत्री ने स्थानीय सिहोरा विधायक की मध्यस्थता में मिलने गए प्रतिनिधिमंडल से दो टूक कहा था कि सिहोरा को जिला बनाने से उनकी पार्टी को नुकसान होगा।



