छात्र छात्राओं ने निकाली रैली : लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा फहराने के लिए किया प्रेरित
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शासन द्वारा हर घर तिरंगा अभियान संचालित किया जा रहा है। जिसके तहत 13 से 15 अगस्त के बीच नागरिकों द्वारा अपने घर पर तिरंगा फहराया जाएगा। जिले में हर घर तिरंगा अभियान से जन-जन को जोड़ने के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र छात्राओं ने रविवार को उमरियापान के बाजार में तिरंगा लेकर नारे लागते हुए रैली निकाली। इस दौरान लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। विकासखंड समन्वयक बबीता शाह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और समर्पण का अभियान है।क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को अपने घर, दुकान, संस्थान, कार्यालय आदि में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने तिरंगा फहराने के तौर तरीकों से जनता को अवगत कराया और लोगों से 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराने की अपील किया।इसके साथ ही छात्र छात्राओं के द्वारा मानव श्रृंखला बनाई गई तथा शपथ ली गई।



