गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के साथ बप्पा का किया विसर्जन
नम आंखों से हुई गणपति बप्पा की विदाई
सिलवानी। श्री गणेश पूजा पंडालों का नजारा शुक्रवार को बदला-बदला रहा। महोत्सव के अंतिम दिन सुबह विधि-विधान से गणपति का पूजन हुआ। भक्तों ने मत्था टेककर गणपति का आशीष प्राप्त किया, परंतु जब विदाई की बेला आई तो हर किसी की आंखें नम हो गई। भक्तों ने ‘गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आना’ के उद्घोष के बीच विघ्न विनाशक की प्रतिमा को गाड़ी में स्थापित किया। नगर में शुक्रवार को भक्तों ने गणपति बप्पा को नम आंखों से विदाई दी। हिन्दू उत्सव समिति के तत्वावधान में निकाला गया भव्य चल समारोह में ढोल-नगाड़ों के साथ बप्पा को विदा किया। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ गाकर लोग गणपति के अगले साल वापस आने की कामना कर रहे हैंसाथ ही अखाड़े के युवा अपने करतब दिखाते चल रहे थे। नगर में जगह जगह श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमाओं पर पुष्प वर्षा, आरती, भोग, प्रसाद चढ़ाया।
वहीं नगर परिषद के सामने नगर परिषद पदाधिकारियो द्वारा गणेश जी की पूजन अर्चन की गई। फिर ढोल-ताशा और डीजे की धुन पर थिरकते हुए नगर के दशहरा मैदान स्थित विजय घाट पहुंचे जहां प्रतिमा को बीच धारा में प्रवाहित किया गया। वही कुछ झांकिया विशाल होने पर तेदोनी, नकटी नदी मे विसर्जन किया। इस दौरान वहां मौजूद भक्त अपने आंसू नहीं रोक सके। गणपति विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से खास इंतजाम किए गए थे। चल समारोह में एसडीओपी राजेश तिवारी, तहसीलदार रामजीलाल वर्मा सहित अमला और चप्पे चप्पे पर सुरक्षा के बंदोबस्त किए गए थे।


