मध्य प्रदेश

प्राइवेट स्कूल संचालक आज हड़ताल पर स्कूल रहेंगे बंद

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सोसायटी फॉर प्राइवेट स्कूल डायरेक्टर्स के बैनर तले स्कूल संचालको ने संचालक राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल एवं जिला शिक्षा अधिकारी रायसेन के नाम का ज्ञापन ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नारायण दास साहू एवं बीआरसी आलोक राजपूत को सौंप कर आरटीई की राशि दीपावली से पूर्व प्रदान करने एवं कक्षा 5 व 8 की बोर्ड परीक्षाएं अगले सत्र से प्रारंभ करने की मांग को लेकर 18 अक्टूबर को स्कूल बंद रखने की सूचना दी है।
पत्र में उल्लेख किया है कि प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री इंद्रसिंह परमार के द्वारा 14 अक्टूबर 2022 तक आरटीई फीस प्रतिपूर्ति करने की वन क्लिक के माध्यम से घोषणा की थी, किन्तु 10 अक्टूबर 2022 को आयुक्त, राज्य शिक्षा केन्द्र, भोपाल द्वारा ये सूचित किया गया कि फण्ड यदि उपलब्ध होता है तो अक्टूबर माह के अंत तक सम्पूर्ण भुगतान किया जाएगा। आयुक्त, राज्य शिक्षा केंद्र ने शिक्षा मंत्री के आदेश की अवहेलना कर इस तिथि को अनिश्चितत कर अक्टूबर माह के अंत मे बोलकर संशय में डाल दिया है। जिसका प्रमाण 10 अक्टूबर 2022 के यूट्यूब लिंक पर उपलब्ध है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को अवगत करवाना चाहते है कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयुक्त आपकी छवि धूमिल कर रहे है। जो निर्णय आयुक्त ने लिया है वो हमको मंजूर नही है। शीघ्र फीस प्रतिपूर्ति की राशि नही मिली है इसलिए समस्त स्कूल 18 अक्टूबर 2022, मंगलवार को विद्यालय बंद रखकर विरोध दर्ज करा रहे है जो हमारा संवैधानिक अधिकार है।
संगठन की दूसरी माँग है कि 5 वीं और 8 वीं की बोर्ड परीक्षा को भी निरस्त किया जाए। जब पूरे प्रदेश में जहाँ प्राइवेट पब्लिकेशन्स की भी किताबें मान्य है और सत्र के बीच मे यूँ अचानक ऐसा फरमान की बोर्ड परीक्षा करवाई जाएगी। बच्चों पर मानसिक तनाव बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। जहाँ कोरोना काल के कारण 2 साल के बाद जो बच्चे स्कूल आना शुरू हुए हों और तो और खुद आयुक्त ने कहा कि वे 1 क्लास पीछे का पढ़ा रहे है। अर्थात 8 वीं के बच्चों को 31 अक्टूबर तक 7 वीं तक पढ़ाया जाएगा। 1 नबम्वर से 8 वीं कक्षा का पढ़ाना शुरू किया जाएगा। अतः 7 नबम्वर से 16 नबम्वर के बीच अर्धवार्षिक परीक्षा लेना कहाँ तक उचित है? हम इस बोर्ड परीक्षा का भी विरोध करते है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि शीघ्र आरटीई राशि दिलाई जाए और कक्षा 5 और 8 की बोर्ड परीक्षा अगले सत्र से शुरू कराई जाए इसी क्रम में सांकेतिक रूप से 18 अक्टूबर को विद्यालय बंद रख कर आंदोलन की शुरुआत की गई है। यदि शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन भी करने के लिए मजबूर होंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी राज्य शिक्षा केंद्र की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में सरस जैन, अंकुर श्रीवास्तव, सैयद राशिद अली, जयवीर राजपूत, प्रकाश शर्मा, मनोज भार्गव, अमर सिंह शाक्य, राजेश भारद्वाज, इमरान खान आदि प्रमुख हैं

Related Articles

Back to top button