व्यापार

ऑनलाइन शॉपिंग ने छीनी बाजार की लक्ष्मी, दुकानदार मायूस

सिलवानी। ऑनलाइन शॉपिंग दीपावली ऑफर से भले ही लोगों की चांदी हो रही है, लेकिन इससे बाजार की चमक फीकी पड़ती नजर आ रही है। दिवाली में ऑनलाइन शॉपिंग ने बाजार की लक्ष्मी छीन ली है। वैसे तो सालभर ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले उपभोक्ताओं की बड़ी संख्या होती है, लेकिन इन दिनों दीपावली पर दी जा रही छूट और शानदार आकर्षक उपहारों ने इनकी तादाद बढ़ा दी है। दीपावली नजदीक आ चुकी है, अब तक बाजार न तो सजा है न ही रौनक नजर आ रही है। बिक्री नहीं होने से दुकानदारों में भी उत्साह नहीं है। दुकानदारों का कहना है कि ऑनलाइन खरीदारी ने 50 फीसदी तक बाजार पर असर डाला है। ऑनलाइन उत्पाद बेचने वाली कंपनियां बाजार में बिकने वाले सामान से कई गुना कम दाम पर अपने प्रोडक्ट बेच रहीं हैं। इस कारण हर वर्ग, विशेषकर युवा वर्ग का ध्यान ऑनलाइन खरीददारी की ओर अधिक रहता है। कपड़े हों, इलेक्ट्रानिक सामान या फर्नीचर सभी का दाम बाजार की तुलना में बहुत कम होता है। ऐेसे में जो लोग बाजार में खरीददारी के लिए आ भी रहे हैं वह ऑनलाइन में दिए जा रहे दाम और बाजार के दाम पर विक्रेता से उलझ पड़ते हैं।
सजावटी सामग्री तक ऑनलाइन
लगभग सभी तरह की वस्तुएं ऑनलाइन उपलब्ध है। कई कंपनियां अपना व्यापार जमाने में लगी है। कपड़े से लेकर दीपावली में लगने वाली सजावट की सामग्री और अन्य जरूरत की वस्तुएं ऑनलाइन उपलब्ध होने से नगर के प्रतिष्ठानों पर कम ही लोग पहुंच रहे हैं। इस समय बाजार गुलजार होना चाहिए, लेकिन सन्नाटा पसर रहा है। दोपहर से शाम तक कुछ ही ग्राहक प्रतिष्ठानों, दुकानों पर पहुंच रहे है।
हो रहा नुकसान
व्यापारी कह रहे हैं ऑनलाइन शॉपिंग का बहुत असर पड रहा है। हमारे व्यापार पर मंदी है। ऑनलाइन ऑफर चल रहे हैं। लोगों को लुभाया जा रहा है। इस कारण ऑफलाइन व्यापार को नुकसान हो रहा है। ऑनलाइन वाले सामान बेचकर रास्ता क्लियर कर लेते हैं। कस्टमर ठोकरे खाता है। ऑफलाइन देखभाल के कोई भी वस्तु खरीद सकते है। इससे नगर के व्यापारियों को फायदा होगा, साथ ही जिले का विकास भी इसी से जुड़ा है। जिले के बाजार आर्थिक स्थिति बिगडेगी तो निश्चित ही हर वर्ग पर इसका प्रभाव पडेगा।
सैकडों लोगों के साथ हो चुकी ठगी
ऑनलाइन खरीददारी करने में ठगी का शिकार भी लोग हो सकते हैं। नगर में ऐसे कई मामले हो चुके है। सैकडों लोग ठगी का शिकार हो चुके है। इसमें कंपनियां अपनी साइट पर जो वस्तु बताती हैं, वो डिलेवरी में कुछ और ही निकलती है। कई मामले तो ऐसे हुए जिसमें पैकिंग वाले बॉक्स में कबाड़ की चीजे निकली है। इसलिए लोगों को सावधानी भी रखना होगी।

Related Articles

Back to top button