विकास के पथ तेजी से अग्रसर है हमारा मध्यप्रदेश- प्रभारी मंत्री डॉ भदौरिया

समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए चलाई जा रही है कल्याणकारी योजनाएं- प्रभारी मंत्री
मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है प्रदेश- स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी
मप्र स्थापना दिवस समारोह के तहत जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न
रायसेन । रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित 67वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के तहत जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह का सहकारिता एवं प्रभारी मंत्री डॉ अरविंद भदौरिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्जवन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सिलवानी विधायक रामपाल सिंह, भोजपुर विधायक सुरेन्द्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन भी उपस्थित थी। कार्यक्रम के प्रारंभ में मध्यप्रदेश गान का भी गायन किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ अरविंद भदौरिया ने कहा कि सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, कोई भी जरूरतमंद योजनाओं के लाभ से वंचित ना रहे, इसके लिए मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत गॉव-गॉव में, वार्ड-वार्ड में शिविर लगाकर आवेदन लिए गए और उन पर कार्यवाही कर पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किए जाने का काम किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री डॉ भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हमारा मध्यप्रदेश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। प्रदेश की विकास दर 19 प्रतिशत से अधिक है जो कि देश में सबसे ज्यादा है। यह प्रदेश सरकार की विकास नीतियों, कल्याणकारी योजनाओं का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना, स्वरोजगार योजनाएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं सहित अनेकों योजनाएं प्रारंभ की ग है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब मेडीकल की पढ़ाई हिन्दी माध्यम में की जा रही है। इसके अलावा सीएम राईज स्कूल खोले जा रहे हैं। प्रतिमाह रोजगार दिवस मनाया जा रहा है, जिसमें हजारो-लाखों युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हमारा मध्यप्रदेश, आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के 67वे स्थापना दिवस पर एक नवम्बर से सात नवम्बर तक विविध कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और आज पुरस्कार वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के लिए, बालिकाओं के लिए, महिलाओं के लिए, किसानों के लिए, वृद्धजनों के लिए, प्रत्येक वर्ग के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि हमारा प्रदेश विकास के मामले में देश में पहले स्थान पर रहे और हमारा रायसेन जिला भी विकास के मामले में पहले स्थान पर रहे, इसके लिए हम सभी को मिलकर काम करना है।
सिलवानी विधायक रामपाल सिंह ने कहा कि हम सभी को मिलकर प्रदेश का गौरव बढ़ाना है। प्रदेश को, जिले को पहले स्थान पर लाना है। प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के कारण आज प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। बेटा-बेटियों को बेहतर से बेहतर शिक्षा मिले, इसके लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। किसानों की आय में वृद्धि के लिए, कृषि उपज के उत्पादन में बढ़ोत्तरी के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सिंचाई के रकबे में लगातार वृद्धि की जा रही है। किसानों को उन्नत खेती का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। इसके अलावा युवाओं को, महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
कार्यक्रम में भोजपुर विधायक सुरेन्द्र पटवा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार द्वारा विकास के साथ-साथ सामाजिक सरोकार से जुड़ी योजनाएं भी चलाई जा रही हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना से बेटियों के प्रति सोच में बदलाव आया है। सरकार द्वारा सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से लोगों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, रोजगार से जोड़ा जा रहा है। विधायक श्री पटवा ने कहा कि मध्यप्रदेश को विकास के मामले में पहले स्थान पर लाना है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन तथा कलेक्टर अरविंद दुबे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल, अपर कलेक्टर आदित्य रिछारिया, जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में जिले में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के तहत आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन का लाईव प्रसारण भी देखा व सुना गया।



