मध्य प्रदेश

प्रदेश में अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई- मुख्यमंत्री चौहान

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री सुन्दरलाल पटवा की प्रतिमा का किया अनावरण
मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर में लगभग 9500 लाख रू से अधिक राशि के विकास कार्यो का किया भूमिपूजन/शिलान्यास तथा लोकार्पण

रायसेन । प्रदेश के, समाज के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री पद्मविभूषण स्व. श्री सुंदरलाल पटवा जी का अतुल्नीय योगदान रहा है। भोजपुर क्षेत्र को स्व. श्री पटवा जी के नाम से जाना जाता है। उन्होंने प्रगति का, विकास का, जनसेवा का इतिहास बनाया था। विकास की उस गंगा को हम आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री सुंदरलाल पटवा की जन्मजयंती पर सुल्तानपुर में आयोजित स्व. श्री सुंदरलाल पटवा जी की मूर्ति अनावरण एवं विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में कही। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा कार्यक्रम के पहले, पूर्व मुख्यमंत्री पद्मविभूषण स्व. श्री सुंदरलाल पटवा की मूर्ति का अनावरण किया गया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री पटवा के पदचिन्हों पर चलते हुए बाड़ी, सुल्तानपुर, मण्डीदीप, औबेदुल्लागंज में अनेक विकास के कार्य विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा और प्रदेश सरकार द्वारा कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में उद्योगों का विकास करना है। जनता की बेहतर सेवा के लिए कोई कसर नही छोड़ेगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में अगर कोई भी अराजकता फैलाने का प्रयास करेगा तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा, ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। सफेद पोश डाकुओं को भी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। किसानों की उनकी जरूरत के मुताबिक बिना किसी परेशानी के आसानी से खाद मिले, यह सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निराकरण कर हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने मंच पर ही जिला कलेक्टर अरविंद दुबे से मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत पीडीएस, उज्जवला योजना सहित अन्य योजनाओं में जोड़े गए नवीन हितग्राहियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित ना रहे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सरकार द्वारा राशन वितरण, उज्जवला रसोई गैस कनेक्शन, लाड़ली लक्ष्मी योजना, बेटियों की शिक्षा, कन्यादान योजना, सहित अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। गरीब परिवार की बेटियों की शादी शासन द्वारा कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को सरकार की योजनाओं का मिलेगा, कोई भी दिव्यांग बिना लाभ के नहीं रहेगा। उन्होंने भू आवासीय अधिकार योजना के माध्यम से ग्रामीणों को आवासीय भूमि का अधिकार सौंपा जा रहा है। इसके अलावा मेधावी विद्यार्थी योजना के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में मेडीकल की पढ़ाई हिन्दी में कराई जा रही है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिन्दी माध्यम से कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारी माताओं-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्व-सहायता समूहों से जोड़ा जा रहा है। महिलाओं की आमदानी 10 हजार रू महीना करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को पानी के लिए बहुत परेशानी होती थी, इसे दूर करने के लिए जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर में नल से जल प्रदाय करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समूह पेयजल योजना के लिए परीक्षण कर घरों में आसपास से पानी नल द्वारा पहुंचाने का काम किया जाए। किसानों की आमदानी में वृद्धि के लिए सिंचाई के रकबे में लगातार वृद्धि की जा रही है। नवीन जल संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। बारिश के पानी को संग्रहित किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर गेहूॅ, मूंग, धान सहित अन्य उपजों की खरीदी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने मंच से लोगों को दिलाए पांच संकल्प
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच से सभी को संकल्प दिलाया कि अपने जन्मदिन पर एक पेड़ जरूर लगाएंगे। बिजली व्यर्थ नहीं जलाएंगे। जल संरक्षण करेंगे। बेटा-बेटी में फर्क नहीं करेंगे और अपने गॉव को नशामुक्त बनाने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। साथ ही दिव्यांगजनों को ट्रायसकिल भी प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, चिकित्सा शिक्षा एवं भोपाल गैस त्रासदी एवं राहत पुर्नवास मंत्री विश्वास सारंग, औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता, उत्तर प्रदेश के उद्योग मंत्री नंदगोपाल गुप्ता, सिलवानी विधायक रामपाल सिंह, भोजपुर विधायक सुरेन्द्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, दर्शन चौधरी, डॉ जयप्रकाश किरार सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित हैं।
कार्यक्रम में खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री पदम्विभूषण स्व. श्री सुंदरलाल पटवा जी को श्रृद्धांजली अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश के विकास को नई दिशा दी, गति दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने का काम कर रहे हैं। आज प्रदेश में हर वर्ग के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं, काम किया जा रहा है। सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री पदम्विभूषण स्व. श्री सुंदरलाल पटवा जी के क्षेत्र के विकास के सपने को पूरा करने का काम विधायक सुरेन्द्र पटवा कर रहे हैं।
क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र पटवा ने कहा कि आज सुल्तानपुर में पूर्व मुख्यमंत्री पद्मविभूषण स्व. श्री सुन्दरलाल पटवा जी की प्रतिमा का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अनावरण किया गया है। इसके लिए क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री श्री चौहान तथा उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद देता हूॅ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के साथ ही क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। आज भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 हजार लाख रू के विभिन्न विकास कार्यो का शिलान्यास, भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया है। विधायक सुरेन्द्र पटवा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में औद्योगिक विकास, कल्याणकारी और हितग्राहीमूलक योजनाओं का क्रियान्वयन के साथ ही सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य भी किए जा रहे हैं।
इन कार्यो का किया गया शिलान्यास/भूमिपूजन तथा लोकार्पण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान द्वारा भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 7900 लाख रू से अधिक राशि से होने वाले विभिन्न कार्यो का शिलान्यास और भूमिपूजन किया गया। साथ ही 1500 लाख रू से अधिक राशि के विभिन्न कार्यो का लोकार्पण भी किया गया। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा लगभग 3208 लाख रू लागत के औद्योगिक क्षेत्र बगरौदा गोकलाकुंडी भोजपुर अधोसंरचना कार्य का तथा जल जीवन मिशन एकल ग्राम जल प्रदाय योजना के अंतर्गत ग्रामों में शत-प्रतिशत क्रियाशील घरेलू कनेक्शन के माध्यम से 72 ग्रामों में लगभग 3914.09 लाख रू लागत से जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन/शिलान्यास किया गया। इसी प्रकार औबेदुल्लागंज विकासखण्ड में लगभग 257.28 लाख रू लागत के बीलखेड़ी बैराज, 271.82 लाख रू लागत के शोभापुर बैराज, 257.42 लाख रू लागत के सराकिया बैराज का शिलान्यास किया गया।
इनके अतिरिक्त मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा कस्बा सुल्तानपुर में 563 लाख रू की लागत से निर्मित संयुक्त तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सुल्तानपुर में 26.08 लाख रू लागत से निर्मित सात अतिरिक्त कक्षों का, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल औबेदुल्लागंज में 73.87 लाख रू की लागत से निर्मित सात अतिरिक्त कक्षों का, ग्राम ईटखेड़ी में 76.89 लाख रू की लागत से चमरसिल नदी पर निर्मित चैक डेम, 39.30 लाख रू की लागत से ग्राम नीलगढ धुंधवानी 6 मील स्पॉन स्लेब कलवर्ट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री चौहान द्वारा ग्राम चिकलोद में 10 लाख रू की लागत से निर्मित नवीन पशु औषधालय भवन तथा क्षतिपूर्ति वनीकरण अंतर्गत सुल्तानपुर तहसील के ग्राम सालेगढ़ वनग्राम में 05 लाख रू की लागत से निर्मित पुस्तकालय का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त सहकारिता विभाग द्वारा उर्वरक भण्डारण व्यवस्था के लिए जिले में सांची, बनखेडी, चांदपुर, गढ़ी, बसिया, उंटियाकलां तथा नूरनगर में कुल 41.73 लाख रू लागत से निर्मित 200-200 मीट्रिक टन क्षमता के सात गोदाम का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा जल जीवन मिशन एकल ग्राम जल प्रदाय योजना के अंतर्गत 676.43 लाख रू की लागत से 16 ग्रामों में घरेलू कनेक्शन के माध्यम से जल प्रदाय योजना का लोकार्पण किया गया।

Related Articles

Back to top button