मध्य प्रदेश

बच्चों को शिक्षा के साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है सरकार- स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी

स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने गैरतगंज में एक करोड़ 69 लाख रू लागत से बनने वाले आउटडोर स्टेडियम का किया भूमिपूजन
ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
रायसेन । स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा गैरतगंज के वार्ड क्रमांक-12 गैरतपुर में आयोजित कार्यक्रम में एक करोड़ 63 लाख रू की लागत से बनने वाले आउटडोर स्टेडियम के निर्माण कार्य का भूमिपूजन तथा शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्यापूजन कर किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है उनकी प्रतिभा को पहचानने और निखारने की। प्रदेश सरकार द्वारा बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए उन्हें जरूरी सुविधाएं, संसाधन उपलब्ध कराते हुए आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि आज यहां आउटडोर स्टेडियम का भूमिपूजन किया गया है। यहां एक करोड़ 37 लाख रू लागत से स्टेडियम का निर्माण होगा तथा 26 लाख रू के उपकरण होंगे। यह स्टेडियम शीघ्र ही बनकर तैयार हो जाएगा। इस स्टेडियम के बन जाने से गैरतगंज ही नहीं आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को सुविधा होगी और वह अपने खेल का, प्रतिभा का प्रदर्शन अच्छे से कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस आउटडोर स्टेडियम में एथलेटिक्स, फुटबॉल, हाँकी, वालीवाल, हैंडबाल, खो-खो, कबड्डी आदि खेलों की सुविधा होगी। यहां विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बच्चों को जब आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे तो वह सिर्फ जिले और प्रदेश में ही नहीं, अपितु राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी नाम रौशन करेंगे। जिले के अनेक बच्चे, खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर जिले का नाम रौशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रायसेन नगर में बनने वाले जिले के पहले इंडोर स्टेडियम का भी आज भमिपूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सीएम राईज स्कूल भी खोले जा रहे हैं। गैरतगंज में भी लगभग 38 करोड़ रू की लागत से सीएम राईज स्कूल भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें आधुनिक तरीके से बच्चों को शिक्षा दी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वह निरंतर प्रयासरत है। यहां तेजी से विकास और निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। टेकापार खोड़ी में बनाए गए डेम से ना सिर्फ सिंचाई के लिए पानी मिलेगा बल्कि भूजल स्तर भी बढ़ेगा। भानुपरगंज में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया है। अन्य गॉवों में भी सामुदायिक भवन स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं, सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गॉवों में घर-घर नल से जल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ग के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी और हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी है। आज गैरतगंज के साथ-साथ क्षेत्र के बच्चों, खिलाड़ियों को आउटडोर स्टेडियम की सौगात मिली है। आगे बढ़ने के लिए, प्रतिभा निखारने के लिए बुनियादी सुविधाएं जरूरी होती है। इस स्टेडियम के बन जाने से बच्चों को, खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी के नेतृत्व में क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। किसी भी क्षेत्र में विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री जिनेश सिंघई ने भी संबोधित किया।
कलेक्टर अरविंद दुबे ने स्टेडियम निर्माण के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह आउटडोर स्टेडियम एक करोड़ 63 लाख रू लागत से बनेगा तथा इसके लिए लगभग सात एकड़ जमीन दी गई है। स्टेडियम का निर्माण गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के अनेक खिलाड़ी प्रदेश और देश में नाम रौशन कर रहे हैं। रायसेन जिले की कुमारी सोनिया कुमरे संभावित भारतीय महिला जूनियर हॉकी के प्रशिक्षण में भाग ले रही हैं। राज्य खेल अकादमी में जिले के 21 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनके अतिरिक्त जिले के अनेक खिलाड़ी विभिन्न खेलों में जिले का नाम देश-प्रदेश में रौशन कर रहे हैं। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष गैरतगंज विजय पटेल, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जलज चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button