मध्य प्रदेश

नल जल योजना की पाइप लाइन फूटी, नागरिक बूंद बूंद पानी को परेशान

सिलवानी। मुख्यमंत्री शहरीय पेयजल योजना में हुए घटिया निर्माण की पोल निरंतर खुलने के बाद भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी दोषियों पर कार्यवाही की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने नगर में 18 करोड की लागत से बोरास घाट से नर्मदा जल को नगर के घर घर में पहुंचाने की योजना स्वीकृत की थी। जिस पर प्रारंभ से ही जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण किया गया और निर्माण एजेंसी पीसी स्नेहिल कंपनी को कार्य का पूरा भुगतान कर दिया और अभी तक नर्मदा जल की एक बून्द भी नगर के घरों की टोटियों में नहीं पहुंची।
घटिया निर्माण के चलते नगर में बिछाई गई पाइप लाइनों में टूट फूट हो रही है। रविवार को एक बार फिर नगर के वार्ड 3 में नल जल योजना की पाइप लाइन फूट गई और अभी तक मरम्मत नहीं हुई है। रविवार की शाम से ही नागरिक पानी की एक एक बूंद के लिए तरस रहे है। नागरिक अपने वाहनों से खेतों और नलकूपों से पानी लाने मजबूर है।
इस संबंध में नगर परिषद सिलवानी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुनील जैन का कहना है कि आज मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया गया है। मरम्मत होते ही वाटर सप्लाई प्रारंभ कर दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button