ट्रेन से कटकर युवक की मौत, तीन पेज का मिला सोसाइड नोट
अस्पताल चौराहे पर परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । सागर नाका चौकी क्षेत्र अंतर्गत हिरदेपुर के समीप एक युवक ट्रेन से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पुलिस के द्वारा 108 की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक के पास तीन पेज का सोसाइड नोट मिला है जिसमें उस दुकान के संचालक पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं जहां वह काम करता था। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का भराेसा दिया जिसके बाद परिजन शव लेकर रवाना हो गए। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
बतादें कि नोहटा थाना के बनवार गांव निवासी कृष्णभूषण अहिरवार 30 वर्ष दमोह में सागर नाका चौकी के पीछे परिवार के साथ रहता था और बकौली चौक में किसी कृष्णा सेल्स में काम करता था। गुरूवार दोपहर युवक ट्रेन से कटकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही सागर नाका चौकी प्रभारी गरिमा मिश्रा मौके पर पहुंचीं और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के पास सोसाइड नोट मिलने की बात सामने आ रही है। जिसमें बताया गया कि वह कृष्णा सैल्स पर कार्य करता है और उसे पिछले कई महीने से दुकान संचालक के द्वारा वेतन नहीं दिया जा रहा है और चोरी के झूठे आरोप में फसाया जा रहा है। एक कागज पर उससे लिखवाया गया कि 11 मई तक 25000 की राशि वह चुकाएगा नहीं तो उस पर चोरी का मामला दर्ज करा दिया जाएगा। युवक के परिजनों ने आरोप लगाया कि दुकान संचालक ने उनके बेटे की चैन और अंगूठी भी रख ली है और दुकानदार की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली है। युवक की मौत के बाद समाज के लोग बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया और न्याय दिलाने के नारे लगाए गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंची गया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चले गए।
सागर नाका चौकी प्रभारी गरिमा मिश्रा ने बताया कि एक युवक के ट्रेन से टकराने की सूचना मिली थी जिसे घायल अवस्था में इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई परिजनों द्वारा एक दुकानदार पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए जा रहे हैं मामले में जांच की जा रही है। वहीं कृष्णा सैल्स के संचालक ने इन आरोपों को निराधार बताया उनका कहना है कि वह कृष्ण भूषण को लगातार वेतन दे रहे थे और वह पूरी वसूली भी करकर लाता था। परेशान करने की कोई बात ही नहीं है।



