हैंडपंप पर पानी भरने के विवाद में महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
सिलवानी के लालघाटी क्षेत्र की घटना
सिलवानी । सिलवानी के सियरमऊ रोड लालघाटी क्षेत्र में स्थित एक हैंडपंप पर पानी भरने के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति ने महिला को सिर पर पत्थर मारकर घायल कर दिया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
इस घटना में एसडीओपी राजेश तिवारी के नेतृत्व में एसआई आरती धुर्वे ने पुलिस बल के साथ 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
एसडीओपी राजेश तिवारी ने बताया कि रविवार की सुबह ,9 बजे रमपुराकलां निवासी 50 महिला वर्षीय महिला लीलाबाई पति खूबचंद जाटव जब लालघाटी मंदिर के पास लगे हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। तभी गांव के ही मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति श्रवण अहिरवार पिता गोटीराम अहिरवार उम्र 45 साल ने महिला के साथ विवाद करते हुए उसके सिर पर पत्थर मार दिया। गंभीर हालत में महिला को सिलवानी सिविल अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को जिला अस्पताल रायसेन रैफर किया गया। लेकिन उपचार के दौरान घायल महिला की मौत हो गई।
विवेचना अधिकारी एसआई आरती धुर्वे ने बताया कि मृतक महिला के पुत्र हरिसिंह जाटव की रिपोर्ट पर आरोपी श्रवण अहिरवार पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी फरियादी ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी उसके बाड़े पर कब्जा करना चाहता है। इसी को लेकर उसने मम्मी से विवाद कर सिर पर पत्थर मारा, जिससे उनकी मौत हो गई।



