सेल्फी बना मौत का कारण : पैर फिसलने से वाटरफॉल में गिरा युवक, 36 घंटे बाद मिला शव
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
छिंदवाड़ा। एमपी के छिंदवाडा जिले से दुखद घटना सामने आई है। यहां तामिया के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल झिंगरिया वाटरफॉल में घूमने और पिकनिक मनाने आए पिपरिया से 5 युवकों में से एक युवक सेल्फी लेते वक्त पानी में गिर गया। घटना रविवार शाम की है। युवक के एक साथी ने उसे बचाने का प्रयास भी किया। लेकिन वह असफल रहा।
इधर घटना की सूचना मिलने पर तामिया और देलाखारी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग की संयुक्त तलाशी दल को मंगलवार की सुबह करीब घटना के 36 घंटे बाद यहां डूबे पिपरिया निवासी युवक प्रवेश ठाकुर का शव मिला।
युवक रविवार को अपने दोस्तों के साथ वॉटर फॉल में पिकनिक मनाने आया हुआ था। लेकिन सेल्फी लेते वक्त पैर फिसलने से वह झरने में गिरा और डूब गया। जिसके बाद से तलाशी अभियान चलाया गया जो रविवार की शाम और सोमवार दिन भर चला। मंगलवार को सुबह फिर से युवक की तलाश शुरू हुई, आखिरकार आज उसका शव बरामद किया जा सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।



