स्कूल चलो अभियान के तहत मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों ने निकाली रैली, अभिभावकों को किया जागरूक
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिला कलेक्टर अवि प्रसाद के मार्गदर्शन में जिला रिसर्च एसोसिएट सुदीप शहाणे के निर्देशन विकासखंड बड़वारा में स्कूल चलो अभियान के तहत शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय खितौली में जागरूकता रैली व संपर्क अभियान चलाया जा रहा है ।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों ने जागरूकता रैली निकाली और अभिभावकों व बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया । रैली में ‘मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ’, ‘हर बच्चे की मांगे चार, ‘शिक्षा-सेहत- हक और प्यार’, ‘ कदम क्रांति के नहीं रुकेंगे, लड़का-लड़की सभी पढ़ेंगे’ हमको मत मजदूर बनाओ, पढ़ने का अधिकार दिलाओ, अनपढ़ होना है अभिशाप, नही रहेंगे अंगूठा छाप आदि नारा बुलंद करते हुए आगे बढ़ रहे थे ।
स्कूल प्रांगण से शुरू हुई रैली गांव के विभिन्न बस्तियों व आस पास के गांवों का भ्रमण कर लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। वहीं अध्यापकगण भी पूरे रास्ते जगह-जगह अभिभावकों से मिलकर बच्चों को स्कूल भेजने का आग्रह करते रहे। इस दौरान बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया ।
ब्लॉक कैप्टन विकास यादव के नेतृत्व में जागरूकता अभियान में सभी जनसेवा मित्रों के द्वारा छह से 14 वर्ष के बच्चों के शत प्रतिशत नामांकन कराने को लेकर अभिभावकों से चर्चा भी की गई ।
मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र विकास यादव ने कहा कि हमें अभिभावक होने के कर्तव्य का निर्वहन करना होगा । बच्चों को उनके शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। शिक्षा हमें योग्य नागरिक बनाती है। इसलिए हम सभी का कर्तव्य है कि अपने बच्चों खासकर लड़कियों को स्कूल जरूर पढ़ने भेजें। कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि हर लड़का-लड़की स्कूल पढ़ने जरूर जाय। इसी लिए सरकार कक्षा आठ तक की लड़कियों व लड़कों को मुफ्त शिक्षा के साथ उनको मिड डे मील, नि:शुल्क पुस्तकें, बैग, ड्रेस, जूता-मौजा आदि सुविधाएं मुहैया करा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पढ़ने भेजने के लिए बार बार अपील की ।
इसके पूर्व रैली को प्रधानध्यपक मनोज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही बच्चों से पूरे मनोयोग से पढ़ाई करने की बात कही। इस मौके पर विकास यादव, आनंद गुप्ता, आकाश मौर्य, सतेंद्र विश्वकर्मा, प्रियंका रजक, पलक विश्वकर्मा, शिवम कलार, युनेष सोनी, चंदन गुप्ता, आनंद बर्मन, शिवम बुनकर, प्रीति साहू, संदीप रैदास, सुमित कोरी आदि मौजूद रहीं ।



