27 को लाड़ली बहनों के खातों में आएंगे ₹1250; 1500 की तैयारी
रक्षाबंधन पर शिवराज का तोहफा
पांढुर्ना को 55वां जिला बनाने की घोषणा
छिंदवाड़ा । लाड़ली बहनों के खातों में 27 अगस्त को 1250 रुपए आएंगे। रक्षाबंधन से पहले महिलाओं के खातों में यह राशि पहुंच जाएगी। इसकी घोषणा गुरुवार को छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना सम्मेलन में की।
उन्होंने कहा कि इसके बाद 1500, 1750, 2000, 2250, 2500, 2750 और फिर आखिरी में तीन- हजार तक पहुंचेगी। हालांकि यह बढ़ोतरी कब-कब होगी, इसका जिक्र उन्होंने नहीं किया।
बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले यह राशि 1500 रु. की जा सकती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच पर लाड़ली बहनों से राखी भी बंधवाई। उन्होंने कहा कि इस राखी के कच्चे धागे की कसम, मैं तुम्हारी जिंदगी में कभी अंधेरा नहीं होने दूंगा। मैं सत्ता नहीं परिवार चलाता हूं। परिवार की चिंता करना मेरा काम है। मुख्यमंत्री बहनों को मुट्ठी बंधवाकर संकल्प भी दिला गए। उन्होंने कहा कि दोनों हाथ की मुट्ठी बांधों और भाजपा को पुनः जिताने का संकल्प लो।
पांढुर्ना को 55वां जिला बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पांढुर्ना को जिला बनाने की घोषणा की। यह प्रदेश का 55वां जिला होगा। पांढुर्ना प्रदेश का पहला मराठी भाषा बाहुल्य वाला जिला होगा। प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र महाराष्ट्र की सीमा से लगे हैं और यहां की प्रमुख भाषा मराठी है।



