मध्य प्रदेश

जनपद सीईओ को हटाने के लिए सरपंच सचिव ने स्वास्थ्य मंत्री को दिया ज्ञापन, जमकर नारेबाजी

रोजगार सहायक संघ ने भी साथ में मिलकर स्वास्थ्य मंत्री को दिया ज्ञापन
ब्यूरो चीफ: संजय द्विवेदी
गैरतगंज। जनपद पंचायत कार्यालय गैरतगंज में हाल ही में पदस्थ हुई जनपद सीईओ युक्ति शर्मा के खिलाफ विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों, सचिवों एवं रोजगार सहायकों ने मुहिम छेड़ दी है। तीनों संगठनों के पदाधिकारियों का आरोप है कि सीईओ द्वारा कमीशनखोरी के चलते आवश्यक नियमों को लागू कर विकास कार्यो में बाधा उत्पन्न कर रही है।
शनिवार को गैरतगंज विकासखंड के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक संगठनों ने एक स्वर में जनपद सीईओ युक्ति शर्मा का विरोध शुरू कर दिया है। संगठनों के प्रतिनिधियों ने सीईओ के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए है। उन्ही आरोपो के संबंध में संगठन द्वारा क्षेत्रीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला कलेक्टर एवं एसडीएम पल्लवी वैद्य को ज्ञापन सौंपकर सीईओ को हटाने की मांग की है। ज्ञापन देते हुए बताया गया है कि जनपद पंचायतों के विभिन्न कार्यो चाहे वह हितग्राही मूलक हो या सामुदायिक कार्य हो सभी में कमीशनखोरी की मांग की जा रही है। सीईओ द्वारा पंचायतों में अधिकर क्षेत्र से बाहर आकर अनावश्यक नियमों को थोपा जा रहा है।। शौचालय सहित अन्य विकास कार्यो की फाइलों को कई कई दिनों तक लंबित रखा जा रहा है। सीईओ द्वारा किये जा रहे इन कृत्यों से पंचायतों में शासन की मंशानुरूप कार्य किया जाना संभव नही है।
अभद्रता का लगाया आरोप, अब करेंगे आंदोलन
सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायको के संगठन प्रतिनिधियों ने सीईओ युक्ति शर्मा पर अभद्रता का आरोप लगाया है उन्होंने बताया कि शनिवार को जनपद सभागार में तीनों संगठनो की बैठक के दौरान सीईओ के आदेश पर जनपद कर्मियों ने उनको अकारण बाहर कर दिया। वही दरवाजे बंद कर दिए। संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाए कि वे पंचायत से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चाएं कर रहे थे। जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मियों के साथ सीईओ द्वारा की गई अभद्रता असहनीय है। उन्होंने तत्काल सीईओ को हटाने की मांग की। तथा तीन दिवस के अंदर मांग पूर्ति के अभाव में वे आंदोलन करने पर विवश होंगे।
इस संबंध में सीईओ युक्ति मिश्रा ने बताया कि छुट्टी के दिन कार्यालय में किसी का भी अंदर जाना मना है। कुछ लोग अनावश्यक बैठे हुए थे तो उनको बाहर जाने का कहा गया। वही अन्य सभी आरोप निराधार है। मेरे द्वारा शासन के नियमानुसार ही कार्य कराये जा रहे है। जिसमे कुछ लोगो को आपत्ति है उनके द्वारा जबरजस्ती का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। मेरा उद्देश्य शासन की योजनाओं का सही एवं हर व्यक्ति तक क्रियान्वयन कराने का उद्देश्य है। जिसे में कर भी रही हूं।

Related Articles

Back to top button