सिलवानी। प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से तहसील में भी मावठे की जोरदार बारिश हुई। इससे नगर और अंचल तरबरत हो गया। समूचे तहसील में हुई बारिश से मौसम में खासी ठंडक घुल गई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उल्लेखनीय है कि सोमवार सुबह से आचनक मौसम बदला और उसके बाद हवा के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जो रात में भी जारी रहा। हालांकि मंगलवार को भी दिन में बूंदाबांदी होती रही। साथ ही मौसम खुलने के बाद ठंड में इजाफा होगा। लंबे समय बाद नंवबर में रिकॉर्ड बारिश हुई है। जिससे गेहूं और चना फसल को लाभ होगा। वहीं टमाटर, भिंडी, गिलकी व गोभी सहित अन्य सब्जियों की फसल को जरुर इससे नुकसान की बात कही जा रही है।
ठिठुरन बढ़ीः आसमान में बादलों की वजह से दो दिन से सूर्य देवता ने भी ठीक से दर्शन नहीं दिए। सोमवार और मंगलवार को दिनभर सर्द हवाएं चलती रही। इससे दिन में भी कंपकपी और ठिठुरन बनी रही। कई लोग दिनभर घरों से बाहर नहीं निकले।
बच्चों व बुजुर्गों की सेहत का ध्यान रखें
अचानक हुई बारिश व ठंड से सेहत पर भी विपरित असर पड़ सकता है। इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल करें। डॉक्टरों की मानें तो बारिश के संपर्क में आने से सर्दी-खांसी के साथ बीमार होने की आशंका रहती है। इसलिए शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर रखें। वहीं सीधे हवा के संपर्क में न आए।



