क्राइम

व्यापारियों के साथ मारपीट कर 8 लाख रुपए लूट ले गए बदमाश

कार सवार चार पांच बदमाशों ने ओवरटेक कर मिनी ट्रक को रोका, मारपीट कर घटना को दिया अंजाम
हरणगांव के पास ओकारा और हरणगांव के बीच की घटना, व्यापारी मिनी ट्रक से नसरुल्लागंज से इंदौर जा रहे थे

देवास । एमपी के देवास जिले के हरणगांव थाना अंतर्गत ओकारा क्षेत्र के पास व्यापारियों के साथ लूट की घटना सामने आई है। व्यापारी मिनी ट्रक से नसरूल्लागंज से इंदौर जा रहे थे। इस दौरान शुक्रवार शाम करीब 6 बजे कार सवार आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पीडित हरणगांव थाने पर पहुंचे। पुलिस पीड़ित व्यापारियों को घटना स्थल पर लेकर गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार नमकीन व्यापारी रजत शर्मा, संदीप और ड्राइवर तीन लोग मिनी ट्रक से नसरुल्लागंज से इंदौर के लिए रवाना हुए थे। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे ओकारा और हरणगांव के बीच कार सवारों ने व्यापारियों के वाहन को ओवरटेक कर रोका। कहा कि तुमने हमें ओवरटेक और कट मारी है। इसके बाद बदमाशों ने व्यापारियों के साथ मारपीट कर दी। मिनी ट्रक में रखा बैग अपने साथ कार लेकर फरार हो गए। बैग में सात से आठ लाख रुपए होने की बात सामने आई है। घटना के बाद रात में व्यापारी हरणगांव थाने पहुंचे। पुलिस मामले पूछताछ कर रही है। घटना स्थल के साथ ही उस मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इस संबंध में शुभम परिहार, थाना प्रभारी, हरणगांव का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में आया है। पीड़ित से पूछताछ और जांच के बाद आपको जानकारी दे पाऊंगा।

Related Articles

Back to top button