मध्य प्रदेश

अखिल भारतीय सर्व चड़ार चिड़ार समाज सभा का 42वां स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न

प्रतिभावान छात्र छात्राओं को किया गया सम्मानित
भोपाल से आये कलाकारों नें सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । अखिल भारतीय सर्व चड़ार चिड़ार समाज सभा का 42वां स्थापना दिवस समारोह नेहरु पब्लिक स्कूल में सम्पन्न हुआ। जिसमें मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के संगठन प्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सर्व समाज के विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा संगठन द्वारा दहेज प्रथा, मृत्युभोज, नशामुक्ति सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने हेतु समाज में जागरूकता अभियान चलाने जैसे कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस अवसर पर परी म्यूजिकल ग्रुप भोपाल से आये चड़ार समाज के कलाकारों ने मयूर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनमोह लिया I
42वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. सुनीलम ने पूर्व विधायक ने कहा कि जब आप बड़ा सपना देखते हैं तभी आप उस सपने से किसी मंजिल तक पहुंच पाते हैं I चड़ार समाज के साथ मेरा 40 साल पुराना रिश्ता हैI समाज का संगठन जिस विचार और सिद्धांत के साथ यहाँ तक पहुंचा है वह अनुकरणीय उदाहरण हैI शिक्षा को बढ़ाने, महिला शक्ति को आगे लाने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में संगठन ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई हैI उन्होंने कहा कि मैंने प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं को चड़ार समाज के संगठन के माध्यम से अपने दादाजी एवं पिताजी की स्मृति में “स्व.पं.देवी दयाल नर्मदाप्रसाद स्मृति सम्मान” के रूप में संविधान, संविधान की प्रस्तावना एवं मैडल देने का निर्णय किया जो आज पूरा होने जा रहा हैI
सिलवानी विधायक देवेन्द्र पटेल ने कहा कि शिक्षित और सम्पन्न समाजों की तुलना में चड़ार समाज के हर कार्यक्रम में महिलाओं की बराबर की भागीदारी रहती हैI उन्होंने चड़ार समाज की धर्मशाला के लिए विधायक निधि से आवश्यकतानुसार राशि स्वीकृत करने तथा आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान विद्यार्थियों की कोचिंग फीस में आर्थिक मदद करने की घोषणा कीI
चड़ार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष किशोरीलाल चड़ार ने समाज से संगठित रहने तथा समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग करने के लिए पे बैक टू सोसायटी के सिद्धांत पर कार्य करने का आह्वान कियाI
संगठन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलाराम अठ्या ने कहा कि चड़ार समाज के संगठन की स्थापना 5 जून 1983 को बेगमगंज के ग्राम तुलसीपार में की गई थी। जिसका आज विस्तार राष्ट्रीय स्तर तक हो चुका है। 42 वर्षों में संगठन ने समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक क्षेत्र में विकास के लिए महत्त्वपूर्ण योगदान किया है। शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता के कारण आज समाज के अनेक युवा विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी प्रतिभा के बल पर चयनित हो रहे हैं।
राष्ट्रीय महासचिव रमाकांत अठ्या ने सम्मानित छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि अभी तो आसमान की उंचाईयां तय करनी है अत: चुनौती भरे रास्तों में अवसरों का फायदा लेकर बुलंदियां छुंए और शिक्षित व संस्कारित होकर समाज व देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।
कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि, डॉ. प्रेमशंकर शर्मा विदिशा, पूर्व सैनिक अरुण मिश्रा सांची, श्रीराम सेन सिलवानी, जयश्री चड़ार महिला प्रदेशाध्यक्ष सागर, लोचनप्रसाद चड़ार नरसिंहपुर, रामेश्वर प्रसाद अठ्या अम्बिकापुर, प्रकाश लकलका दमोह, राकेशकुमार हरदेलिया उदयपुरा, नरेंद्र गहलोत भोपाल, सपा जिला अध्यक्ष मुन्ना अली दाना सहित विभिन्न जिलों के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कक्षा 10वीं 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को सिलवानी विधायक देवेन्द्र पटेल, मुलताई के पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम द्वारा पं. देवीदयाल नर्मदा प्रसाद स्मृति सम्मान के रुप में स्मृति चिह्न, संविधान की प्रस्तावना एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सम्मानित होने वाले छात्र छात्राओं में प्रियंका अठ्या, आस्था चड़ार, जारा बी, ऋतिक अठ्या, काजोल साहू, नितिन अठ्या, दिशा चड़ार, ऋषिता अठ्या, नंदिनी अठ्या, कु.सिमरन, कु. जिया, नीलेश जैन, कु.दीपिका, शिवांश सोनी, शुभ सोनी, सुधांशु शिल्पकार, निकिता अहिरवार, शेखर अहिरवार, अस्मिता, कुमकुम जाट, साकेत चौरसिया, राजा अठ्या शामिल हैंI
परी म्यूज़िकल ग्रुप भोपाल के कलाकारों को भी संगठन द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। अतिथियों का संगठन का कार्यकताओं द्वारा पुष्पाहरों से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष वृन्दावन अठ्या ने आभार व्यक्त कियाI

Related Articles

Back to top button