मध्य प्रदेश

वन विकास निगम की भूमि पर से अधिकारियों ने हटाया कब्जा

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । तहसील क्षेत्र में वन भूमि पर आए दिन लोगों के द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है जहां पर वन विकास निगम एवं वन विभाग लगातार कार्यवाही कर रहा है लेकिन फिर भी अतिक्रमणकारी अतिक्रमण करने से बाज नहीं आ रहें हैं और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर रहे हैं।
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर ताजा मामला सामने आया जहां तहसील के नजदीकी ग्राम ढिमरौली में वन विकास निगम की भूमि पर लगे दर्जनों पेड़ों को कटवाकर एवं जेसीबी चलवाकर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण की शिकायत ग्रामीणों के द्वारा करने पर निगम अधिकारियों ने मौक़े पर पहुंच कर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की।
ग्रामीण अनिल यादव के द्वारा लिखित शिकायत की गई थी कि वन विभाग के हेल्पर विजय यादव के द्वारा वन विभाग की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर दर्जनों सागौन के पेड़ जेसीबी मशीन के द्वारा जमीन से खुदवाकर भूमि पर अतिक्रमण किया गया है।
उक्त मामले में वन विकास निगम गढ़ी की अधिकारी माया शुक्ला, डिप्टी रेंजर करन मरकाम एवं डिप्टी रेंजर सक्सेना एवं बेगमगंज से वनरक्षकों के साथ ग्राम ढिमरौली पहुंची जहां पर निगम की भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया। निगम अधिकारी माया शुक्ला ने बताया कि वन विकास निगम की भूमि पर अतिक्रमण मिला है जहां मौके पर ईंटभट्टा और अवैध लकड़ी पाई गई जिसे ज़ब्त कर लिया गया है और वहां पर बने अवैध कब्जे को तुड़वा दिया गया है। वहां पर उपस्थित विजय यादव और अनिल यादव के बयान दर्ज कर पंचनामा तैयार कर लिया है और जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button