कारखाने में करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, दुकान संचालक पर मामला दर्ज

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । इंसान की जरा सी लापरवाही बड़ी घटना को जन्म देती है ऐसा ही मामला सागर रोड स्थित एक लोहे की सामग्री बनाने वाले कारखाने में सामने आया जहां लाइट के खुले तार से पाइप टकराने के कारण करंट की चपेट में आने से वहां काम कर रहा युवक गंभीर घायल हो गया तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आपको बता दें कि सागर रोड अजंता टॉकीज के सामने रितेश जैन का कारखाना है जहां बेल्डिंग आदि का काम किया जाता है। उसी दुकान पर 31 वर्षीय रविंद्र नाथ पुत्र चंदाबाबू नाथ निवासी बेगमगंज काम कर रहा था और लोहे का पाइप नीचे उतरते समय वहां लाइट के खुले तार से पाइप जा टकराया और करंट की चपेट में आने से उक्त घटना घटित हो गई।
सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर दुकान संचालक रितेश जैन के विरुद्ध लापरवाही का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि रविंद्र घर का कमाऊ पुत्र था माता- पिता वृध्द है वही उनका सहारा था।
इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर का कहना है कि प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है और दुकान संचालक रितेश जैन की लापरवाही सामने आने से उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।



