क्राइम

जुआ खेलने वाले 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

टीकमगढ़ में वीडियो सामने आने के बाद एक्शन; एसपी बोले- पता लगा रहे और कौन-कौन था
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । कोतवाली और देहात थाने में पदस्थ पुलिस कर्मियों का जुआ खेलते हुए वीडियो सामने आया है। इसके बाद एसपी रोहित काशवानी ने तत्काल हेड कॉन्स्टेबल समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही वीडियो की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद कुछ और आरक्षकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि एक वीडियो सामने आया है। जिसमें कोतवाली, देहात, दिगौड़ा और पुलिस लाइन में पदस्थ पुलिसकर्मी एक साथ बैठकर जुआ खेलते नजर आ रहे हैं। जानकारी लगते ही तत्काल 1 प्रधान आरक्षक और 5 आरक्षकों को निलंबित कर दिया है।
ये किए गए निलंबित
मनोज अहिरवार कोतवाली, अनिल पचौरी कोतवाली, सूरज राजपूत कोतवाली, भुवनेश्वर अग्निहोत्री देहात थाना, सलमान खान दिगौड़ा थाना, रितेश मिश्रा, पुलिस लाइन
पिछली दिवाली के समय का बताया जा रहा वीडियो
आरक्षकों के जुआ खेलने का ये वीडियो पिछली दिवाली के आसपास का बताया जा रहा है। एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। जिससे पता चल जाए की ये कितने दिन पुराना है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि जुआ खेलने के दौरान मौके पर और कौन-कौन मौजूद था।

Related Articles

Back to top button