राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर ब्लाक कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह कखिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव एवं टीआई संतोष सिंह को ज्ञापन देकर शीघ्र एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेसियों का कहना है कि रवनीत सिंह बिट्टू और रघुराज सिंह ने राहुल गांधी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है, जिससे देश में अशांति फैल सकती है। ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की है कि इन नेताओं पर भारतीय न्याय संहिता के तहत कठोर कार्रवाई की जाए और उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। कांग्रेसजनों का कहना हैं बिट्टू ने राहुल गांधी को “देश का नंबर वन आतंकी” कहा और उन पर गंभीर आरोप लगाए, वही उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह द्वारा भी राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, इन दोनों बयानों से कांग्रेसजन आहत हुए हैं और उन्होंने इसे राहुल गांधी की देशभक्ति पर सवाल उठाने वाला बताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि इन बयानों पर कठोर कार्रवाई की जाए और संबंधित नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, प्रकाश पटेल, राजकुमार शुक्ला, अवधेश पटेल, पार्षद जफर शाह, शाकिर मंसूरी, सुनील साहू, पवन दुबे, नीरज यादव, प्रदीप कारोलिया, शिव सेन, अनिल राज सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।



