गोद भराई इंगेजमेंट समारोह में नई पहल: सरकारी स्कूल के बच्चों को बैग वितरित, हेलमेट पहनने की शपथ

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
बटियागढ़ । दमोह लक्ष्य शिक्षा एंड राहत कोष फाउंडेशन की दमोह टीम ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक नई पहल की। मनीष सिंह लोधी (सेमरा रामनगर) और शुभम कुमारी महुना के गोद भराई इंगेजमेंट कार्यक्रम के अवसर पर ग्राम महूना के शासकीय विद्यालय के बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए। इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया और शुभ कार्यों की शुरुआत बच्चों की शिक्षा में योगदान देकर करने की अपील की।
समाज की भागीदारी से मिलेगा शिक्षा को बढ़ावा-
कार्यक्रम में लोधी समाज के जिला अध्यक्ष भाव सिंह ने कहा कि हमें अपनी खुशियों को शिक्षा के साथ साझा करना चाहिए और समाज की उन्नति में भाग लेना चाहिए। शिक्षा विभाग के सहायक संचालक नन्हे सिंह ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, “शिक्षा के लिए संघर्ष आवश्यक है, लेकिन हम हमेशा आपके साथ खड़े रहेंगे।”
पूर्व बीआरसी हटा-पटेरा शैलेंद्र सिंह राजपूत ने माता-पिता से आग्रह किया कि वे किसी भी परिस्थिति में बच्चों की शिक्षा से समझौता न करें, भले ही इसके लिए कुछ कठिनाइयाँ सहनी पड़ें। वहीं, प्राचार्य मॉडल स्कूल बटियागढ़ अर्जुन पटेल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन जरूरी हैं और सक्षम लोगों को शिक्षा में योगदान देना चाहिए।
हेलमेट पहनने की शपथ, सुरक्षा का संकल्प-
लक्ष्य फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि संगठन शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर कार्य कर रहा है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की शपथ ली। लक्ष्य प्रांत प्रचारक (मध्य प्रदेश) रूपेंद्र सिंह लोधी ने समाज से अपील करते हुए कहा कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों पर अनावश्यक खर्च करने की बजाय यदि शिक्षा में निवेश किया जाए तो यह न सिर्फ बच्चों का भविष्य संवारने में मदद करेगा, बल्कि समाज में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा।इस कार्यक्रम में विभिन्न समाज सेवियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने भाग लिया और इसे एक सराहनीय पहल बताया है।



