सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स के अटैचमेंट समाप्त कराने जुलूस निकालकर सौंपा ज्ञापन
नगर संघर्ष समिति के आवाहन पर महिलाएं भी घरों से निकलकर आगे आईं
4 दिन में अटैचमेंट समाप्त नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
ब्यूरो चीफ शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स द्वारा स्टाफ की कमी को लेकर विगत दिनों की गई हड़ताल को सीएमएचओ द्वारा डरा धमकाकर समाप्त कराए जाने से आमजन सड़क पर उतर आया और कबीट चौराहे से जुलूस की शक्ल में सभी वर्गों के लोग कलेक्टर के नाम का ज्ञापन एसडीएम सौरभ मिश्रा को सौंपने तहसील कार्यालय चिलचिलाती धूप में पहुंचे, जिसमें महिलाएं भी शामिल हुईं।
जुलूस में शामिल महिला पुरुषों ने सीएमएचओ हाय हाय के नारे लगाए और जमकर नारेबाजी की।
आंदोलनकारियों की मांग थी कि जिन पांच डॉक्टरों को सीएमएचओ दिनेश खत्री द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से अटैच किया गया है उनके अटैचमेंट समाप्त कर वापस भेजा जाए। सीएमएचओ की मनमानी से तहसील की करीब 3 लाख आबादी को, सिविल अस्पताल के मात्र 3 डाक्टर्स व चंद नर्सों व पैरा मेडीकल स्टाफ के भरोसे छोड रखा है। उक्त अटैच मेंटो के कारण तहसील की आम जनता को बुनयादी उपचार से महरूम होकर, दूसरे शहरों में जाकर इलाज कराना पड़ रहा है आम गरीब जनता आर्थिक रूप से लुट रही है। तत्काल डॉक्टर के अटैचमेंट समाप्त करने, महिला डॉक्टर की नियुक्ति करने व स्वास्थ राज्य मंत्री की घोषणा 2 एंबुलेंस भेजने की पूरी किए जाने की मांग पुरजोर तरीके से की गई।
एसडीएम सौरभ मिश्रा ने जिले के अधिकारियों से चर्चा करने के बाद आश्वासन दिया कि शीघ्र अस्पताल में डॉक्टर और स्टाफ की व्यवस्था कराई जाएगी। तब आंदोलनकारी चार दिन का अल्टीमेटम देकर वापस हो गए।



