मध्य प्रदेश

चांदौड़ा में पुलिस का महा सर्च ऑपरेशन! 200 जवानों ने दी दबिश

35 गाड़ियों का काफिला देख गांव में मचा हड़कंप, तलाशी में खाली हाथ लौटी पुलिस
ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चांदौड़ा में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक 30 से 35 पुलिस और आबकारी विभाग की गाड़ियों का काफिला गांव में दाखिल हुआ। दो संभागों के आबकारी विभाग और रायसेन पुलिस के करीब 200 जवानों ने पूरे गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया। संदिग्ध घरों की तलाशी ली गई और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात नजर आया। लेकिन घंटों की इस कवायद के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा।
दरअसल, शनिवार सुबह करीब 9 बजे भोपाल और सागर संभाग के आबकारी विभाग तथा रायसेन जिले की पुलिस ने संयुक्त रूप से ग्राम चांदौड़ा में दबिश दी। बताया जा रहा है कि मुखबिर से गांव में अवैध शराब रखे होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर इतनी बड़ी संख्या में पुलिस और आबकारी विभाग का अमला गांव पहुंचा।
इस संयुक्त अभियान में बेगमगंज, सुल्तानगंज और सिलवानी सहित जिले के विभिन्न थानों का पुलिस बल शामिल रहा। करीब 30 से 35 वाहनों में सवार होकर पहुंचे 200 जवानों ने गांव में मोर्चा संभालते हुए संदिग्ध घरों की सघन तलाशी ली।
अचानक गांव में पहुंचे भारी पुलिस बल और वाहनों के लंबे काफिले को देखकर ग्रामीणों में हलचल मच गई। हर तरफ पुलिस की गाड़ियां और जवान नजर आने लगे। देखते ही देखते पूरे इलाके में इस कार्रवाई की चर्चा शुरू हो गई।
लेकिन बड़ी कार्रवाई का नतीजा सिफर रहा। कई घरों की तलाशी और सघन जांच के बावजूद पुलिस को न तो अवैध शराब मिली और न ही कोई अन्य मादक पदार्थ बरामद हुआ। आखिरकार करीब 200 जवानों का यह पूरा अमला बिना किसी बरामदगी के वापस लौट गया।
फिलहाल चांदौड़ा में हुई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस को कोई अवैध सामग्री हाथ नहीं लगी। हालांकि, इस ऑपरेशन ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मुखबिर से ऐसी क्या सूचना मिली थी, जिसके आधार पर दो संभागों के आबकारी विभाग और जिले की पुलिस के करीब 200 जवानों को एक साथ गांव में उतारना पड़ा? इतनी बड़ी कार्रवाई के बावजूद कुछ भी बरामद नहीं होना भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस संबंध में आशुतोष त्यागी, एसडीओपी सिलवानी का कहना है कि मुखबिर की सूचना पर या कार्रवाई की गई थी लेकिन यहां कोई चीज बरामद नहीं हुई लोगों को समझाइश दी गई है।

Related Articles

Back to top button