बीईओ और सीईओ ने किया बालिका छात्रावासों का निरीक्षण, दिए निर्देश

शैक्षणिक सुविधाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर दिया विशेष ध्यान
सिलवानी। गुरुवार को नगर में स्थित बालिका छात्रावासों में शैक्षिक वातावरण, रहन-सहन की व्यवस्था और सुरक्षा सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए रानी अहिरवार बीईओ और नीलम रायकवार सीईओ ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और दैनिक दिनचर्या की जानकारी ली। उन्होंने भोजन, पेयजल, स्वच्छता, अध्ययन सामग्री तथा स्टाफ की उपस्थिति जैसी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। बीईओ रानी अहिरवार ने कहा कि छात्रावासों में शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। वहीं सीईओ नीलम रायकवार ने निर्देश दिए कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन और साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान कुछ कमियाँ भी पाई गईं, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अंत में दोनों अधिकारियों ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी और आश्वासन दिया कि उनके बेहतर भविष्य के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।



