चित्रा नक्षत्र में घर-घर विराजे गणेश, गणपति बप्पा मोरया से गूंज उठा सिलवानी नगर
सिलवानी। भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी पर बुधवार से सिलवानी नगर में ग्यारह दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ उल्लास और आस्था के साथ हुआ। दोपहर बाद चित्रा नक्षत्र के शुभ संयोग में नगरवासियों ने घर-घर गणपति बप्पा की स्थापना की, वहीं देर रात तक विभिन्न मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर भव्य पंडालों में गणेश प्रतिमाएं विराजित की गईं।
पूरे नगर में गणेश उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। मंगलवार और बुधवार की रात बाजारों में भारी भीड़ रही। श्रद्धालु पूजा सामग्री, गणेश प्रतिमाएं और सजावटी सामान की खरीदारी में व्यस्त नजर आए। बाजार में सबसे छोटी गणेश प्रतिमा 50 रुपए में उपलब्ध रही, जबकि सात फीट ऊंची भव्य प्रतिमाएं भी लोगों को आकर्षित करती रहीं।
नगर के विभिन्न क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर गणेश झांकियां सजाई गई हैं। झांकी समितियों से जुड़े श्रद्धालु पंडालों की अंतिम तैयारियों में देर रात तक जुटे रहे। वहीं ग्रामीण अंचलों में भी झांकियों की तैयारी जोरों पर रही। प्रतिमाएं ट्रैक्टर, पिकअप, और अन्य साधनों से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जाती रहीं।
गणेश मंदिरों और पंडालों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है। हर ओर “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष गूंज रहे हैं। यह उत्सव 6 सितंबर को अनंत चतुर्दशी तक पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।



