पति पत्नी ने खाया जहर, हालत नाजुक, किया गया रैफर
सिलवानी । बम्होरी थाना अंतर्गत ग्राम बाजनी रमपुरा में मंगलवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पति-पत्नी ने अज्ञात कारणों के चलते ज़हर खा लिया। घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल सिलवानी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात उन्हें जिला चिकित्सालय रायसेन रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जालम सिंह भील उम्र 24 वर्ष साल एवं उनकी पत्नी नूरी बाई उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम बाजनी रमपुरा ने किसी बात से व्यथित होकर यह घातक कदम उठाया। परिजनों के अनुसार दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और विवाह के बाद साथ रह रहे थे। मंगलवार की रात अचानक दोनों की तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
सिविल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की स्थिति गंभीर बताई गई, विशेष रूप से पत्नी नूरी बाई की हालत चिंताजनक थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत रायसेन जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी प्रीतम सिंह राजपूत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ज़हर खाने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है, परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।



