घर में करंट लगने से 13 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत
सिलवानी। नगर के शिवाजी नगर क्षेत्र में सोमवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में 13 वर्षीय मासूम बालक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राज अहिरवार के रूप में हुई है, जो कि संतोष अहिरवार का बेटा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज को घर पर अचानक बिजली का करंट लग गया। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे गंभीर हालत में सिलवानी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
बताया गया है कि संतोष अहिरवार ग्राम चिल्ली के मूल निवासी हैं, जो कि अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए सिलवानी में किराए का मकान लेकर निवास कर रहे थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। करंट लगने की यह घटना कितनी दुर्भाग्यपूर्ण रही कि परिवार का इकलौता बेटा इस हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है कि करंट कैसे लगा। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे मोहल्ले को शोकमग्न कर दिया है।



