मध्य प्रदेश

विश्वकर्मा जयंती पर निकाला गया भव्य चल समारोह, किया गया सामूहिक पूजन

सिलवानी। विश्वकर्मा समाज द्वारा भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती के उपलक्ष्य में नगर में भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत सरस्वती नगर स्थित बिंदेश्वरी माता मंदिर से की गई, जहां समाज के लोगों ने विधिवत पूजन-अर्चन कर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा की झांकी सजाई। चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों—बजरंग चौराहा, गांधी चौक तहसील प्रांगण होते हुए पुनः बिंदेश्वरी माता मंदिर पहुंचा। शोभायात्रा में डीजे पर बज रहे भजनों की धुन पर युवाओं की टोली उत्साहपूर्वक नृत्य करती नजर आई। वहीं, झांकी के पीछे बड़ी संख्या में महिलाएं मंगल गीतों का गायन करती चल रही थीं, जिससे समूचा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
बिंदेश्वरी माता मंदिर परिसर पहुंचकर सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान विश्वकर्मा की आरती एवं पूजन किया। इसके पश्चात मंदिर परिसर में स्थित धर्मशाला में भी विशेष पूजन आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण कर समारोह का समापन किया गया।
इस अवसर पर विश्वकर्मा समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के धर्मप्रेमीजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया।

Related Articles

Back to top button